दिल पे चलाई छुरियां (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Raju Kalakaar: सोशल मीडिया पर कब कौन रातों-रात स्टार बन जाए ये कहना थोड़ा मुश्किल है। लेकिन ऐसा ही कुछ राजू कलाकार के साथ हुआ है, जो इन दिनों इंटरनेट की दुनिया में जबरदस्त छाए हुए हैं। राजू ने इंस्टाग्राम पर अपना पहला वीडियो 6 जून को अपलोड किया था और अब उनके फॉलोअर्स की संख्या 231K से भी ज्यादा हो चुकी है। यूट्यूब पर भी उनके कई शॉर्ट्स तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दरअसल, राजू कलाकार का एक वीडियो इंटरनेट पर ऐसा वायरल हुआ जिसने उनकी किस्मत बदल दी। वीडियो में राजू हाथ में संगमरमर के दो टुकड़े लेकर मशहूर गायक सोनू निगम का गाना ‘दिल पे चलाई छुरियां’ गाते नजर आते हैं। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने इस पर ओरिजिनल म्यूजिक नहीं बल्कि सोनू निगम की आवाज में गाना प्ले किया था और खुद लाइव परफॉर्म किया। उनकी आवाज इतनी मेल खा रही थी कि लोगों को यह वीडियो बेहद असली और इमोशनल लगा।
वायरल वीडियो से टी-सीरीज तक पहुंचे राजू कलाकार
यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और खुद सोनू निगम तक जा पहुंचा। इसके बाद सोशल मीडिया पर सोनू निगम और राजू कलाकार की एक साथ तस्वीरें वायरल होने लगीं। इसी बीच, म्यूजिक की दिग्गज कंपनी टी-सीरीज ने यह ऐलान किया कि सोमवार तक कुछ खास आने वाला है। और फाइनली, अब उस ऐलान का इंतजार खत्म हुआ है।
टी-सीरीज ने सोनू निगम की आवाज में ‘दिल पे चलाईं छुरियां’ का नया ट्रेंडिंग वर्जन रिलीज कर दिया है। इस वीडियो में वायरल गर्ल अंजलि अरोड़ा नजर आ रही हैं, जो पहले ‘कच्चा बादाम’ डांस वीडियो से चर्चा में आई थीं। इसके अलावा राजन अरोड़ा, रिषभ शुक्ला और दीपक गर्ग जैसे कलाकार भी वीडियो में दिखाई दिए हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिए रिएक्शन
हालांकि इस वीडियो को मिले-जुले रिएक्शन मिले हैं। कुछ लोगों ने टी-सीरीज की तारीफ की है कि उन्होंने असली टैलेंट यानी राजू कलाकार को मौका दिया। वहीं कुछ यूजर्स ने अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग इस गाने को साल 2025 का ट्रेंडिंग गाना बता रहे हैं।