टीएमसी नेता और भाजपा महिला नेता शराब पीते पकड़े गए (सोर्स- सोशल मीडिया)
Viral Video: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में दो नेताओं के जंगल में शराब पीते हुए पकड़े जाने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और दूसरी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की पंचायत समिति की अध्यक्ष हैं।
ग्रामीणों ने इन दोनों नेताओं को जंगल में शराब पीते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
कार में ड्राइवर समेत तीन लोग मौजूद
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा नेता का नाम दीपा बनिक अधिकारी बताया जा रहा है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता पंचानन रॉय हैं, जो जिला स्तर के नेता माने जाते हैं। वायरल वीडियो में कार में एक तीसरा व्यक्ति भी नजर आ रहा है, जिसे ड्राइवर बताया गया है। यह पूरी घटना अपलचंद जंगल के पास हुई। ग्रामीणों ने जब कार को काफी देर तक एक ही जगह पर खड़ा देखा तो उन्हें शक हुआ और भीड़ ने मौके पर पहुँचकर कार में बैठे लोगों को बाहर आने को कहा।
ग्रामीणों ने की घेराबंदी, विरोध प्रदर्शन
भीड़ ने जब अंदर बैठे लोगों को बाहर निकाला तो पता चला कि ये भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शराब पार्टी का आयोजन पंचानन रॉय ने ही किया था। वायरल वीडियो में दीपा बनिक अधिकारी को कार की पिछली सीट से उतरते हुए देखा जा सकता है। वहीं, ड्राइवर शीशा ऊपर करने की कोशिश करता दिख रहा है।
दोनों नेता मौके से हुए फरार
वीडियो में देखा गया कि अधिकारी कार से उतरकर अपनी दूसरी गाड़ी में बैठकर वहाँ से चली जाती हैं। वहीं, ग्रामीणों ने रॉय और ड्राइवर को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद वे दोनों भी वहाँ से भाग निकले। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है और अब राज्य में इसको लेकर सियासत भी गरमा गई है।
दीपा बनिक अधिकारी ने बताया साजिश
इस घटना के बाद वामपंथी दलों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे शर्मनाक बताया है। वहीं, दीपा बनिक अधिकारी ने सफाई दी है कि यह उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश है और उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है।