निरहुआ (सोर्स- सोशल मीडिया)
Dinesh Lal Yadav On Marathi Row: महाराष्ट्र में इन दिनों मराठी भाषा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 20 साल बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच सुलह होने के बाद मराठी भाषा को लेकर तनाव और बढ़ गया है। मनसे कार्यकर्ता सड़कों पर आकर जमकर ड्रामा कर रहे हैं और हिंदी समेत दूसरी भाषाओं के इस्तेमाल पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
निरहुआ ने दिया कड़ा बयान
भोजपुरी अभिनेता, गायक और सांसद दिनेश लाल यादव उर्फ ‘निरहुआ’ भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी में हिम्मत है तो मराठी न बोलने पर उन्हें महाराष्ट्र से निकाल कर दिखाए। ANI से बात करते हुए निरहुआ ने कहा, “यह सब गंदी राजनीति है। हमारा देश विविधताओं में एकता के लिए जाना जाता है। ऐसे में लोगों को जोड़ने की राजनीति करनी चाहिए, तोड़ने की नहीं।”
मराठी न बोलने पर खुली चुनौती
निरहुआ ने आगे कहा, “अगर किसी में हिम्मत है, तो मुझे महाराष्ट्र से बाहर निकालकर दिखाए। मैं मराठी नहीं बोलता और यहीं रहता हूं। यह गंदी राजनीति बंद होनी चाहिए। राजनीति का मकसद लोगों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए होना चाहिए, न कि उनका शोषण करने के लिए।”
लोगों के कल्याण के लिए होनी चाहिए राजनीति
सांसद निरहुआ ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “राजनीति का असली मकसद जनता की भलाई होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति पांच अलग-अलग भाषाएं सीखना चाहता है, तो उसे सीखने की आज़ादी होनी चाहिए।”
मनसे कार्यकर्ताओं ने किया हमला
निरहुआ का यह बयान मीरा रोड की एक घटना के बाद आया है, जहां मनसे कार्यकर्ताओं ने एक रेस्तरां मालिक पर सिर्फ मराठी न बोलने के कारण हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसकी कड़ी निंदा की।
यह भी पढ़ें- Tej Pratap Yadav: कंगना रनौत के फैन निकले तेज प्रताप यादव, एक्ट्रेस की फिल्म में बनेंगे हीरो!
रणवीर शौरी ने भी जताया गुस्सा
अभिनेता रणवीर शौरी ने भी इस घटना पर गुस्सा जाहिर करते हुए ट्वीट किया, “यह घृणित है। राक्षस खुलेआम घूम रहे हैं और ध्यान खींचने के लिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं। कानून और व्यवस्था कहां है?”