सीएम नीतीश कुमार, फोटो - सोशल मीडिया
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने ‘7 निश्चय-2’ के तहत एक नई युवा-केंद्रित योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार योग्य बनाना, आत्मनिर्भरता बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस योजना का नाम मुख्यमंत्री-प्रोन्नति योजना (Promotion of Readiness, Awareness and Technical Insights for Guiding Youth Advancement) रखा गया है। इसके तहत युवाओं को उन्नत कौशल, नेतृत्व विकास, नेटवर्किंग और करियर के नए अवसर मिलेंगे।
नीतीश कुमार ने कहा, “इस योजना से बिहार के युवाओं को अपने भविष्य को बेहतर ढंग से आकार देने में मदद मिलेगी।” योजना के तहत 12वीं पास प्रशिक्षित युवाओं को प्रति माह ₹4,000, आईटीआई या डिप्लोमा धारकों को ₹5,000, और इंटर्नशिप कर रहे स्नातक या परास्नातक छात्रों को ₹6,000 की मासिक सहायता दी जाएगी।
सरकार का लक्ष्य है कि 2025-26 से 2030-31 तक राज्य के एक लाख युवाओं को विभिन्न संस्थानों में इंटर्नशिप के माध्यम से अनुभव और मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। यह पहल राज्य के युवाओं को न केवल नौकरी के लिए तैयार करेगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और दक्ष भी बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम राज्य के युवाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह योजना इसी दिशा में एक ठोस कदम है।”
इससे एक दिन पहले, मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी जिले में स्थित पुणौरा धाम के लिए भी एक व्यापक विकास योजना की घोषणा की थी। सरकार ने यहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर एक भव्य मंदिर और अन्य संरचनाओं के निर्माण के लिए ₹882.78 करोड़ के बजट को मंजूरी दी है। पुणौरा धाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है, और इसे धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने लिखा, “मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि माता जानकी की जन्मस्थली पुणौरा धाम के लिए व्यापक विकास योजना को मंत्रिमंडल ने आज मंजूरी दी है।”