युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Yuzvendra Chahal: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और कोरियोग्राफर धनश्री वर्मा की शादी इस साल की शुरुआत में तलाक के साथ खत्म हो गई। करीब पांच साल तक साथ रहने के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया, जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया। तलाक के बाद सोशल मीडिया पर धनश्री को लेकर कई आरोप लगे किसी ने उन्हें शोहरत के लिए शादी करने का दोषी ठहराया तो किसी ने धोखा देने का। हालांकि धनश्री ने कभी इन आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, अब पहली बार युजवेंद्र चहल ने इस मामले पर खुलकर बात की है।
रिश्ते में काफी पहले से आ चुकी थी दूरी
हाल ही में पॉडकास्टर राज शामनी को दिए एक इंटरव्यू में चहल ने अपने रिश्ते और निजी संघर्षों को लेकर कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनके और धनश्री के बीच बीते कुछ वर्षों से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। चहल ने कहा, “यह काफी समय से चल रहा था, लेकिन हमने तय किया था कि जब तक कोई फैसला नहीं हो जाता, हम इसे दुनिया को नहीं बताएंगे।”
चहल ने आगे बताया कि उनके और धनश्री के प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की वजह से दोनों के बीच वक्त की कमी हो गई थी। एक ओर वे भारतीय टीम के लिए लगातार खेल रहे थे, वहीं धनश्री अपने डांस करियर और सोशल मीडिया प्रोजेक्ट्स में व्यस्त थीं। इस दूरी ने दोनों के रिश्ते में खटास पैदा कर दी।
मानसिक रूप से बेहद मुश्किल दौर से गुजरे चहल
इस बातचीत में चहल ने पहली बार कबूला कि तलाक के दौरान वह गहरे मानसिक तनाव में थे। उन्होंने कहा, “मैंने विजय हज़ारे ट्रॉफी से ब्रेक लिया क्योंकि मेरा दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब क्रिकेट, जो हमेशा मुझे खुशी देता था, वही खुशी नहीं दे पा रहा था, तो मैंने एक महीना ब्रेक लेने का फैसला किया।”
उन्होंने बताया कि इस दौर में उन्हें एंग्जायटी अटैक तक आने लगे थे और उनके मन में आत्महत्या जैसे विचार भी आए। हालांकि, इस बारे में सिर्फ उनके करीबी लोग ही जानते थे।
परिवार और महवश ने दी हिम्मत
चहल ने बताया कि इस मुश्किल वक्त में उनके परिवार और करीबी दोस्तों ने उनका साथ दिया। उन्होंने विशेष रूप से आरजे महवश का ज़िक्र किया, जिनके साथ उनका नाम अफेयर को लेकर भी जोड़ा जा चुका है। उन्होंने कहा, “महवश और मेरे परिवार ने मुझे उस अंधेरे दौर से बाहर निकाला।”
‘शुगर डैडी’ टी-शर्ट का मतलब
तलाक के दौरान चहल ने जो टी-शर्ट पहनी थी, उस पर लिखा था “अपने शुगर डैडी खुद बनो।” इस पर उन्होंने कहा, “मैं एक संदेश देना चाहता था। पहले मैं चुप था, लेकिन जब कुछ बातें हुईं, तो मैंने तय किया कि अब मैं वही करूंगा जो मुझे सही लगेगा।”