केएल राहुल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IPL 2026: आईपीएल 2026 की तैयारियों के बीच केएल राहुल को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स के स्टार बल्लेबाज़ और विकेटकीपर केएल राहुल को अगली सीज़न से पहले ट्रेड किया जा सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) दोनों ही फ्रेंचाइज़ियाँ राहुल को अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश कर रही हैं। खास बात यह है कि दोनों टीमें राहुल को कप्तानी की जिम्मेदारी देने के लिए भी तैयार हैं।
दिल्ली के पास है आखिरी फैसला
हालांकि, इस संभावित ट्रेड का अंतिम निर्णय केएल राहुल के हाथ में नहीं है। मौजूदा नियमों के अनुसार, खिलाड़ी को ट्रेड करने या न करने का अधिकार उसकी मौजूदा टीम यानी दिल्ली कैपिटल्स के पास होता है। राहुल को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में दिल्ली ने 14 करोड़ रुपये में खरीदा था और उन्होंने उस सीज़न में शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मैचों में 539 रन बनाए थे।
चेन्नई को मिल सकता है धोनी का उत्तराधिकारी
चेन्नई सुपर किंग्स की नजर केएल राहुल पर इसलिए भी है क्योंकि टीम को एमएस धोनी के उत्तराधिकारी की तलाश है। धोनी के संन्यास के बाद सीएसके को एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है जो विकेटकीपिंग के साथ-साथ कप्तानी का बोझ भी उठा सके। केएल राहुल इन दोनों भूमिकाओं के लिए उपयुक्त माने जा रहे हैं। इससे पहले संजू सैमसन के सीएसके से जुड़ने की खबरें थीं, लेकिन अब राहुल को धोनी का परफेक्ट रिप्लेसमेंट माना जा रहा है।
कोलकाता की भी है मजबूत दावेदारी
दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम भी राहुल को अपने खेमे में लाने के लिए बेताब है। पिछले सीज़न में टीम के विदेशी विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज़ और क्विंटन डी कॉक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके थे। केएल राहुल की मौजूदगी न सिर्फ़ टीम को एक अनुभवी भारतीय बल्लेबाज़ देगी, बल्कि वह कप्तानी का भी विकल्प बन सकते हैं। केकेआर की कप्तानी को लेकर लगातार असमंजस बना हुआ है, और राहुल उस रिक्त स्थान को भर सकते हैं।
ट्रेड में क्या होगा शामिल?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह ट्रेड कैश डील होगी या फिर इसके बदले दिल्ली कैपिटल्स को कोई सीनियर खिलाड़ी मिलेगा। माना जा रहा है कि अगर सीएसके राहुल को अपनी टीम में शामिल करती है, तो वह कुछ बड़े नामों को दिल्ली के साथ साझा कर सकती है। इस पर निर्णय आने वाले हफ्तों में लिया जा सकता है।
केएल राहुल फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं और इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज़ में 500+ रन बना चुके हैं। ऐसे में उनका आईपीएल ट्रेड 2026 का सबसे बड़ा घटनाक्रम बन सकता है।