सानिया चंडोक के साथ सचिन तेंदुलकर (सोर्स- इंस्टाग्राम)
Sachin Tendulkar: भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने पहली बार अपनी बहू सानिया चंडोक के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। अर्जुन तेंदुलकर की सगाई की खबरें पिछले कुछ समय से चर्चा में थीं, लेकिन परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या तस्वीर सामने नहीं आई थी। अब, सचिन द्वारा शेयर की गई तस्वीरों से यह लगभग तय हो गया है कि सानिया चंडोक अब तेंदुलकर परिवार का हिस्सा बन चुकी हैं।
अर्जुन तेंदुलकर की मंगेतर पहली बार परिवार के साथ कैमरे में
सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सानिया चंडोक को पहली बार पूरे परिवार के साथ देखा गया। यह कार्यक्रम सारा की नई पिलेट्स अकादमी के उद्घाटन के लिए आयोजित किया गया था, जो मुंबई में खुली दुबई फ्रैंचाइज़ी की चौथी शाखा है।
इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर, उनकी पत्नी अंजलि और सास एनाबेल मेहता भी मौजूद थीं। तस्वीरों में सारा की भाभी सानिया चंडोक भी रिबन काटने के मौके पर परिवार के साथ नज़र आईं। सचिन ने पहली बार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में सानिया के साथ तस्वीर साझा की है, जिससे सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है।
सारा तेंदुलकर ने खोली पिलेट्स अकादमी
सारा तेंदुलकर की पिलेट्स अकादमी को इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि वह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए। यह पिलेट्स स्टूडियो दुबई की एक जानी-मानी फिटनेस फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा है और भारत में इसकी चौथी ब्रांच के रूप में शुरू हुई है। उद्घाटन समारोह में सारा बेहद आत्मविश्वास और खुशी के साथ नज़र आईं, वहीं उनके परिवार ने उनका पूरा साथ दिया।
सचिन तेंदुलकर ने बेटी की मेहनत की सराहना की
इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी बेटी की तारीफ़ की। उन्होंने लिखा, “माता-पिता होने के नाते आप हमेशा चाहते हैं कि आपके बच्चे वो हासिल करें जो उन्हें पसंद है। सारा का पिलेट्स स्टूडियो खोलना उन्हीं पलों में से एक है। उसने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। ये एक-एक करके ईंटें बिछाने जैसा है और हर ईंट उसके समर्पण की कहानी कहती है।”
तेंदुलकर परिवार में नई शुरुआत
सानिया चंडोक की तेंदुलकर परिवार के साथ सार्वजनिक उपस्थिति और तस्वीरें इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि अर्जुन तेंदुलकर की सगाई अब आधिकारिक रूप से परिवार के स्वीकार की जा चुकी है। यह तेंदुलकर परिवार के लिए एक नई शुरुआत का संकेत है, जहां परिवार का हर सदस्य एक-दूसरे की सफलता और खुशी में साथ खड़ा है।