ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका (सोर्स- एक्स)
AUS vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 84 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम ने 277 रन बनाए और फिर लुंगी एनगिडी की घातक गेंदबाज़ी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 193 रनों पर ढेर कर दिया।
ब्रीट्ज़के और स्टब्स की शानदार बल्लेबाज़ी
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत सधी हुई रही, जहां ओपनर मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने 88 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी से एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, वह अपने वनडे करियर के शुरुआती चार मैचों में लगातार 50+ रन बनाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 74 रनों का योगदान देकर टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुँचाया। इन दोनों खिलाड़ियों की साझेदारी की बदौलत अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 277 रन बनाए।
एनगिडी का कहर, ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी ध्वस्त
278 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज़ 38 रन के स्कोर पर उनके टॉप-3 बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कैमरन ग्रीन और जोश इंग्लिश ने 67 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। ग्रीन ने 35 रन बनाए, जबकि इंग्लिश ने 87 रनों की जुझारू पारी खेली।
हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज़ी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। कप्तान मिशेल मार्श, मार्नस लाबुशेन और ट्रैविस हेड जैसे अनुभवी बल्लेबाज़ बुरी तरह फ्लॉप रहे। टीम ने 175 रन तक 5 विकेट गंवाकर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई थी, लेकिन इसके बाद अंतिम 5 विकेट सिर्फ 18 रनों के भीतर गिर गए।
लुंगी एनगिडी की घातक गेंदबाज़ी
दक्षिण अफ्रीकी तेज़ गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी ने अपनी घातक गेंदबाज़ी से ऑस्ट्रेलिया को पस्त कर दिया। उन्होंने मात्र 5 विकेट लेकर कंगारू बल्लेबाज़ी की रीढ़ तोड़ दी। एनगिडी को उनकी शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
चार दिन में दूसरी करारी हार
गौरतलब है कि पहला वनडे मैच भी दक्षिण अफ्रीका ने 98 रनों से जीता था, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम 297 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 198 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। अब, चार दिन बाद दूसरे मैच में भी ऑस्ट्रेलिया 200 रन तक नहीं पहुंच सका। इस तरह, पिछले 7 वनडे मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका की यह ऑस्ट्रेलिया पर छठी जीत रही, जो उनकी बढ़ती हुई ताकत का सबूत है।