सचिन तेंदुलकर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sachin Tendulkar: सचिन तेंदुलकर जितने शानदार बल्लेबाज़ रहे हैं, उनका सेंस ऑफ ह्यूमर भी उतना ही ज़बरदस्त है। हाल ही में ‘मास्टर ब्लास्टर’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर ‘Ask Me Anything’ (AMA) सेशन किया, जिसमें उन्होंने फैंस के सवालों के मज़ेदार और बेबाक जवाब दिए। इस सेशन के दौरान एक यूज़र के सवाल पर सचिन ने जो जवाब दिया, वो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सचिन का मजेदार जवाब
सेशन के दौरान एक फैन को यकीन नहीं हुआ कि सच में वह सचिन तेंदुलकर से बात कर रहा है। उसने मज़ाकिया लहज़े में सवाल किया, “क्या यह वाकई सचिन तेंदुलकर हैं? कृपया वेरिफिकेशन के लिए एक वॉइस नोट भेजें।”
इस पर सचिन ने बड़ी ही मज़ेदार प्रतिक्रिया दी और लिखा- “क्या मुझे अपना आधार कार्ड भी भेजना चाहिए?” सचिन का यह जवाब फैंस को बेहद पसंद आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने उनके ह्यूमर और सादगी की जमकर तारीफ की।
2008 का चेन्नई टेस्ट बताया पसंदीदा पारी
इसी AMA सेशन में जब एक फैन ने सचिन से उनकी पसंदीदा पारी के बारे में पूछा तो उन्होंने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट का ज़िक्र किया। उस मैच में भारत को चौथी पारी में 387 रन का लक्ष्य मिला था। मुश्किल हालातों में तेंदुलकर ने नाबाद 103 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी और भारत ने यह मैच 6 विकेट से जीत लिया था।
सचिन ने बताया कि यह शतक उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि ये पारी भारत के लिए एक भावनात्मक जीत थी। उस वक्त देश मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों के गम में डूबा था और यह जीत देश को कुछ हद तक सुकून देने वाली साबित हुई थी।
अब भी मैदान में सक्रिय हैं तेंदुलकर
हालांकि सचिन ने नवंबर 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन उनका क्रिकेट से नाता अभी भी कायम है। वह हाल ही में इंटरनेशनल मास्टर्स लीग में खेलते हुए दिखाई दिए, जिसमें उन्होंने इंडिया मास्टर्स टीम की कप्तानी की।
उनकी कप्तानी में टीम ने फाइनल में वेस्टइंडीज मास्टर्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। सचिन आज भी मैदान पर अपनी प्रेरणा और नेतृत्व क्षमता से फैंस का दिल जीत रहे हैं।
सचिन का यह सेशन एक बार फिर साबित करता है कि वह न केवल क्रिकेट के भगवान हैं, बल्कि एक मज़ाकिया और विनम्र इंसान भी हैं, जो आज भी फैंस के दिलों में पहले की तरह राज करते हैं।