सूर्यकुमार यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय टीम अब पूरी ताकत के साथ एशिया कप 2025 की तैयारियों में जुट चुकी है। न्यूज़ 24 की रिपोर्ट के अनुसार, टीम इंडिया 4 या 5 सितंबर को दुबई के लिए रवाना होगी। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला ना सिर्फ दोनों देशों के फैंस के लिए बेहद खास होगा, बल्कि खिलाड़ियों के लिए भी खुद को साबित करने का मौका होगा।
इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई है। खासकर पाकिस्तान के खिलाफ उनके रिकॉर्ड को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ फेल हुए हैं सूर्या
सूर्यकुमार यादव को मौजूदा समय में टी20 क्रिकेट के सबसे आक्रामक बल्लेबाज़ों में गिना जाता है। उन्होंने अपनी दमदार स्ट्राइक रेट और इनोवेटिव शॉट्स से दुनिया भर में नाम कमाया है। लेकिन जब बात पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की आती है, तो सूर्या का रिकॉर्ड उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
अब तक पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए 5 मैचों में सूर्या ने सिर्फ 64 रन बनाए हैं, जिसकी औसत 12.80 रही है। इन मैचों में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 18 रन रहा, और स्ट्राइक रेट 118.51 का रहा है। यह प्रदर्शन उनकी बाकी टीमों के खिलाफ की गई बल्लेबाज़ी से एकदम उलट है, जहां वह आसानी से रन बनाते दिखे हैं।
एशिया कप में भी नहीं चला बल्ला
एशिया कप में भी सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के खिलाफ कमज़ोर साबित हुए हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ 2 मुकाबलों में कुल 31 रन बनाए हैं, औसत रही 15.50, और स्ट्राइक रेट 110.71। उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी एशिया कप 2022 में ही आया था, जो 18 रनों से अधिक नहीं था।
पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने उठाए सवाल
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बाजिद अली ने पीटीवी स्पोर्ट्स से बातचीत में सूर्यकुमार यादव के पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा- “सूर्यकुमार यादव लगभग हर टीम के खिलाफ रन बनाते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ वह कभी भी प्रभावी नहीं दिखे। चाहे इसका कारण पाकिस्तान का तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण हो या कोई और तकनीकी पहलू, लेकिन यह एक चिंता का विषय है।”
14 सितंबर को बड़ा मौका
अब सबकी निगाहें 14 सितंबर के महामुकाबले पर हैं, जहां भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। सूर्यकुमार यादव के पास यह शानदार मौका होगा कि वह अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करें और अपने आलोचकों को करारा जवाब दें। फैंस को उम्मीद है कि इस बार सूर्या अपने बल्ले से वो जवाब देंगे जिसका इंतज़ार लंबे समय से किया जा रहा है।