ऋषभ पंत (सोर्स- एक्स)
Rishabh Pant: टीम इंडिया के उप-कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज़ के आखिरी और पांचवें मैच से बाहर हो गए हैं। पंत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके चलते वह अब शेष सीरीज़ में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। पंत ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी।
पंत ने साझा की तस्वीरें
ऋषभ पंत ने एक्स पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें उनका पैर प्लास्टर में बंधा नजर आ रहा है और पास में चलने के लिए स्टिक रखी हुई है। इस पोस्ट के साथ पंत ने एक इमोशनल नोट भी लिखा जिसमें उन्होंने अपने फैंस को धन्यवाद दिया।
पंत ने लिखा, “मुझे जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, वही मेरी ताकत है। जैसे ही मेरा फ्रैक्चर ठीक होगा, मैं दोबारा मैदान पर लौटूंगा। मैं इस प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से ले रहा हूं, आराम कर रहा हूं, रूटीन फॉलो कर रहा हूं और अपना 100 प्रतिशत दे रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का गौरव रहा है और मैं उस खेल में लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं जिससे मुझे सबसे ज्यादा प्यार है।”
चौथे टेस्ट के दौरान हुए चोटिल
पंत को यह चोट मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट की पहली पारी के दौरान लगी थी। जब वह बल्लेबाज़ी कर रहे थे, उस समय क्रिस वोक्स की एक गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान गेंद सीधा उनके पैर के अंगूठे पर जा लगी। पंत दर्द से कराह उठे और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। उस समय उनका स्कोर 37 रन था।
दर्द में भी दिखाई जुझारूपन
हालांकि पंत ने मैदान छोड़ने के बाद दोबारा बल्लेबाज़ी करने का फैसला लिया और दर्द के बावजूद टीम इंडिया के लिए मैदान में लौटे। उन्होंने ना सिर्फ बल्लेबाज़ी की, बल्कि शानदार छक्के भी लगाए और अपना अर्धशतक पूरा किया। पंत की जुझारू पारी की बदौलत भारत ने पहली पारी में 350 रन से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया।
उनकी इस हिम्मत और प्रतिबद्धता की चारों ओर तारीफ़ हो रही है। क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस ने पंत की साहसिक बल्लेबाज़ी को सलाम किया है।