राशिद खान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Rashid Khan: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके बड़े भाई हाजी अब्दुल हलीम शिनवारी का हाल ही में निधन हो गया, जिससे न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरी अफगान क्रिकेट बिरादरी में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान और अन्य देशों के क्रिकेटरों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
क्रिकेट जगत ने जताया शोक
अफगान टीम के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जदरान ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राशिद खान के बड़े भाई के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। बड़ा भाई घर में पिता के समान होता है।” जदरान ने आगे लिखा कि वह राशिद और उनके परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।
वहीं अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने भी इस खबर को साझा करते हुए कहा, “यह जानकर बहुत दुख हुआ कि राशिद खान के बड़े भाई का निधन हो गया है। अल्लाह उन्हें जन्नत नसीब करे और उनके परिवार को इस कठिन समय में सब्र दे।”
मैच के दिन भी मैदान में उतरे राशिद
29 अगस्त को त्रिकोणीय सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खेला गया। इस दिन राशिद खान को अपने भाई के निधन की सूचना मिली थी, लेकिन इसके बावजूद वे मैदान में खेलने उतरे। यह उनके समर्पण और पेशेवर भावना को दर्शाता है। अफगानिस्तान ने 182 रनों का पीछा करते हुए 143 रनों पर अपनी पारी गंवा दी, लेकिन राशिद की उपस्थिति ने सबका ध्यान खींचा।
Also Read This: Hockey: भारत में खेलेगी पाकिस्तान की जूनियर हॉकी टीम, एशिया कप से किया था किनारा
शाहीन ने लगाया गले
मैच के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, राशिद खान को गले लगाते और सांत्वना देते नजर आए। वीडियो में दोनों खिलाड़ी कुछ पल बातचीत करते हुए दिखे, जिससे यह साफ हुआ कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि भावनाओं और भाईचारे का प्रतीक भी है।
खिलाड़ियों ने दी भावनात्मक श्रद्धांजलि
मैच के दौरान अफगानिस्तान टीम के खिलाड़ियों ने शिनवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने काले आर्मबैंड पहने और मैच से पहले एक मिनट का मौन भी रखा गया। यह क्षण दर्शकों के लिए भी भावनात्मक और मार्मिक था।