यानिक सिनर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Jannik Sinner: विंबलडन 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार, 13 जुलाई को खेला गया, जिसमें स्पेन के कार्लोस अल्काराज़ और इटली के यानिक सिनर आमने-सामने थे। इस ऐतिहासिक मैच में सिनर ने अल्काराज़ को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर अपना पहला विंबलडन खिताब जीत लिया। साथ ही वह विंबलडन पुरुष एकल फाइनल में जीत दर्ज करने वाले पहले इटली के खिलाड़ी बने हैं।
अल्काराज़ का टूटा जीत का सिलसिला
दूसरी ओर, यह मुकाबला अल्काराज़ के लिए बड़ा झटका साबित हुआ। पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम फाइनल में हार का सामना करने के अलावा उनका लगातार 24 मैचों का जीत का सिलसिला भी यहीं पर थम गया। फाइनल के पहले सेट में अल्काराज़ ने 6-4 से जीत दर्ज कर बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद सिनर ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह यानिक सिनर का करियर का चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब रहा।
23 साल की उम्र में रचा इतिहास
विंबलडन 2025 के विजेता यानिक सिनर की उम्र महज 23 साल है। वह 1968 के बाद सेंटर कोर्ट पर खिताब जीतने वाले 23वें खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले दोनों खिलाड़ी फ्रेंच ओपन 2025 के फाइनल में भी आमने-सामने हुए थे। उस मुकाबले में अल्काराज़ ने सिनर को हराया था। लेकिन इस बार सिनर ने विंबलडन में जीत दर्ज कर फ्रेंच ओपन की हार का हिसाब बराबर कर लिया।
सेमीफाइनल में भी दिखाया दम
फाइनल से पहले अल्काराज़ ने सेमीफाइनल में टेलर फ्रिट्ज़ को 6-4, 5-7, 7-6 (6) से हराकर अपना तीसरा विंबलडन फाइनल खेलने का मौका हासिल किया। वहीं, यानिक सिनर ने सेमीफाइनल में दिग्गज नोवाक जोकोविच को 6-3, 6-3, 6-4 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
अल्काराज़ के हाथ से छठा ग्रैंड स्लैम खिताब फिसला
कार्लोस अल्काराज़ के पास करियर का छठा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का शानदार मौका था। अगर वह जीत जाते, तो उनके नाम लगातार दो विंबलडन खिताब और कुल छह ग्रैंड स्लैम हो जाते। लेकिन सिनर ने मजबूत खेल दिखाते हुए यह मौका उनसे छीन लिया और इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया।