आरसीबी टीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
IPL 2026: विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को IPL 2026 से पहले एक बड़ा झटका लग सकता है। बेंगलुरु में आईपीएल जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। यह वही स्टेडियम है जिसे RCB अपना होम ग्राउंड मानती है और जहां टीम हर सीज़न में अपने घरेलू मैच खेलती है।
4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ की घटना हुई थी, जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे। यह हादसा RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान हुआ, जब टीम ने बैंगलोर में विजय परेड निकालने का ऐलान किया था।
चिन्नास्वामी स्टेडियम असुरक्षित
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने जांच के लिए जस्टिस जॉन माइकल कुन्हा की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया। ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए “असुरक्षित” करार दिया है।
एम्बुलेंस भी नहीं थी
रिपोर्ट में पाया गया कि जिस वक्त हादसा हुआ, स्टेडियम के अंदर सुरक्षा के लिए 100 से भी कम पुलिसकर्मी मौजूद थे। यही नहीं, जब स्टेडियम के बाहर हजारों की भीड़ जमा हुई थी, तब भी सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि आयोजन स्थल पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कोई एम्बुलेंस तैनात नहीं की गई थी।
RCB के खिलाफ मामला दर्ज
जांच आयोग की रिपोर्ट और घटना की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने RCB फ्रेंचाइज़ी के खिलाफ मामला दर्ज करने की अनुमति भी दे दी है। इससे यह साफ हो गया है कि टीम और आयोजकों की ओर से लापरवाही बरती गई थी, जिसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी है।
18 साल में पहली ट्रॉफी
गौरतलब है कि RCB ने इसी साल 3 जून को खेले गए IPL 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था। यह जीत RCB के लिए ऐतिहासिक थी, क्योंकि फ्रेंचाइज़ी को 18 साल बाद पहली बार ट्रॉफी नसीब हुई थी। जीत के बाद रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने बेंगलुरु में विजय परेड निकालने का फैसला किया। हालांकि, बेंगलुरु पुलिस ने इतने कम समय में सुरक्षा व्यवस्था संभालने में असमर्थता जताते हुए परेड की इजाजत नहीं दी थी।
मेज़बानी पर पड़ेगा असर
इसके बावजूद जब टीम शहर पहुंची, तो हजारों प्रशंसक चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जुट गए, जिससे हालात बिगड़ गए और अफरातफरी मच गई। अब इस पूरे मामले का सीधा असर RCB की IPL 2026 में मेज़बानी पर पड़ सकता है, क्योंकि स्टेडियम को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद BCCI को वैकल्पिक स्थल तलाशने की नौबत आ सकती है।