जसप्रीत बुमराह (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में भले ही जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन अब तक उतना प्रभावशाली नहीं रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक बड़ा व्यक्तिगत मुकाम हासिल कर लिया है।
भारत के स्टार तेज़ गेंदबाज़ बुमराह ने इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जेमी स्मिथ को पवेलियन भेजकर इंग्लिश सरज़मीं पर टेस्ट क्रिकेट में अपना 50वां विकेट पूरा किया। इस आंकड़े के साथ ही वह इंग्लैंड की धरती पर 50 टेस्ट विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं।
इशांत शर्मा का तोड़ेंगे रिकॉर्ड
बुमराह से पहले यह उपलब्धि सिर्फ इशांत शर्मा के नाम रही है, जिन्होंने इंग्लैंड में 51 विकेट झटके थे। अब बुमराह इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं। अगर वे इस मैच में एक और विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो इशांत को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले भारतीय तेज़ गेंदबाज़ बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड उनके करियर में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है।
खराब रही गेंदबाजी
हालांकि, इस मैच में टीम इंडिया की गेंदबाज़ी अब तक उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। जसप्रीत बुमराह ने तो एक छोर से काफी अनुशासित गेंदबाज़ी की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें भरपूर सहयोग नहीं मिला। इससे इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी पंक्ति को खुलकर खेलने का मौका मिल गया। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 540 रन बना लिए हैं, जबकि भारत की पहली पारी 358 रनों पर सिमट गई थी।
पहले दो टेस्ट में शानदार गेंदबाजी
इससे पहले खेले गए टेस्ट मैचों में बुमराह का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने पहले दो टेस्ट मैचों में कुल 12 विकेट अपने नाम किए थे और टीम इंडिया को अहम मौकों पर सफलता दिलाई थी। लेकिन मैनचेस्टर में गेंदबाज़ी के लिए मुफ़ीद परिस्थितियाँ न मिलने के कारण उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्होंने जेमी स्मिथ का विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर दी।
महज़ दो कदम दूर
अगर बुमराह इस मैच में 2 या उससे ज़्यादा विकेट ले लेते हैं, तो वे इंग्लैंड में 50 से अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज़ बन सकते हैं। यह उपलब्धि उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास में और भी खास बना देगी।