शिखर धवन (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs PAK: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरने वाली थीं। दोनों देशों के फैंस इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। लेकिन मैच से सिर्फ 12 घंटे पहले भारतीय खिलाड़ियों के विरोध के कारण इस ऐतिहासिक टक्कर को रद्द करना पड़ा। इसके पीछे प्रमुख वजह पूर्व भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन का विरोध बताया जा रहा है।
शिखर धवन ने जताई सख्त आपत्ति
जब इस मैच को रद्द किया गया, तो कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने शिखर धवन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद एक पाकिस्तानी पत्रकार ने उनसे तीखा सवाल किया कि यदि सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होता है, तो क्या वह तब भी नहीं खेलेंगे?
इस पर धवन ने दो टूक जवाब देते हुए कहा- “भाई साहब, आप गलत जगह सवाल पूछ रहे हैं। लेकिन अगर आप पूछ रहे हैं और सोचते हैं कि मैं दबाव में कुछ कह दूंगा… तो मैं नहीं कहूंगा। अगर मैंने पहले नहीं खेला, तो अब भी नहीं खेलूंगा।”
धवन के इस बयान ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों को एक बार फिर गर्मा दिया है।
एशिया कप 2025 पर भी उठ रहे सवाल
26 जुलाई को एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी किया है। इसके अनुसार भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 सितंबर को आमने-सामने हो सकती हैं। इतना ही नहीं, दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में कुल 3 बार भिड़ंत संभव है – ग्रुप स्टेज, सुपर-4 और फाइनल में। लेकिन वर्ल्ड चैंपियनशिप की घटना और धवन के बयान के बाद इन मैचों को लेकर काफी अनिश्चितता बन गई है।
फैंस और BCCI पर बढ़ा दबाव
हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में और तनाव आ गया है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में भारतीय फैंस ने भारत-पाकिस्तान के बीच किसी भी क्रिकेट मैच को लेकर विरोध जताया है। धवन के बयान के बाद यह विरोध और तेज़ हो गया है। कई फैंस ने BCCI को भी निशाने पर लिया है और सवाल किया है कि जब हालात अनुकूल नहीं हैं, तो ऐसे मुकाबले क्यों आयोजित किए जा रहे हैं।
BCCI के फैसले पर सबकी निगाहें
अब सबकी नजरें बीसीसीआई पर टिकी हैं कि वह भविष्य में इस विषय पर क्या स्टैंड लेता है। क्या एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले होंगे या फिर वर्ल्ड चैंपियनशिप की तरह वे भी रद्द कर दिए जाएंगे? इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।