भारत बनाम इंग्लैंड (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। यह सीरीज़ 20 जून को शुरू हुई थी और इसका अंतिम मैच 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेला जाएगा। अब तक चार मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें इंग्लैंड 2-1 से आगे है। ऐसे में भारत यह सीरीज़ जीत नहीं सकता, लेकिन ड्रॉ की संभावना अभी भी ज़िंदा है। इस बीच फैंस के मन में यह सवाल भी है कि क्या सीरीज़ जीतने वाली टीम को कोई इनामी राशि दी जाएगी?
क्या सीरीज़ विजेता को इनामी राशि मिलेगी?
क्रिकेट की दुनिया में भारत और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमें जब आमने-सामने होती हैं तो चर्चा सिर्फ क्रिकेट की नहीं, पैसों की भी होती है। हालांकि, सच्चाई यह है कि द्विपक्षीय (bilateral) टेस्ट सीरीज़ के लिए किसी तरह की इनामी राशि तय नहीं होती। बीते कई सालों से इस मॉडल को बंद कर दिया गया है। आज के दौर में बोर्ड्स की कमाई प्रसारण अधिकार और स्पॉन्सरशिप से होती है, न कि सीरीज़ जीतने से मिलने वाले पुरस्कारों से।
ऐसे में इस बार भारत या इंग्लैंड जो भी टीम सीरीज़ जीतेगी उसे कोई इनामी राशि नहीं दी जाएगी। हां, परंपरा के अनुसार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ जैसे व्यक्तिगत पुरस्कार जरूर दिए जाते हैं, जिनमें खिलाड़ियों को नकद इनाम मिल सकता है।
कैसी रही अब तक की सीरीज़?
भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ की शुरुआत इंग्लैंड के दबदबे से हुई थी। पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड ने जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली। लेकिन बर्मिंघम टेस्ट में भारत ने जोरदार वापसी की और इंग्लिश टीम को 336 रनों से हराकर सीरीज़ में बराबरी कर ली।
तीसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 22 रनों से हराकर फिर से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद मैनचेस्टर में चौथा टेस्ट खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने पहली पारी में 311 रनों की बड़ी बढ़त बना ली थी। लेकिन भारतीय बल्लेबाजों शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा के शानदार शतकों ने टीम इंडिया को मैच ड्रॉ कराने में मदद की।
अब क्या हो सकता है नतीजा?
अब तक सीरीज़ का स्कोर 2-1 है और एक मैच बाकी है। अगर भारत ओवल टेस्ट जीतता है तो सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ हो जाएगी। वहीं इंग्लैंड जीतता है या ड्रॉ भी करवा लेता है, तो वह सीरीज़ अपने नाम कर लेगा। भले ही सीरीज़ विजेता को इनामी राशि न मिले, लेकिन इस प्रतिष्ठित मुकाबले की जीत दोनों टीमों के लिए गर्व और आत्मविश्वास का विषय जरूर होगी।