शुभमन गिल (सोर्स- बीसीसीआई-एक्स)
IND vs ENG: भारत के युवा कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज़ के चौथे मैच में शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया है। गिल ने न केवल टीम इंडिया को मज़बूती दी, बल्कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी। चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 238 गेंदों में 103 रनों की धैर्यभरी पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल थे। यह इस सीरीज़ में गिल का चौथा शतक रहा।
पहली टेस्ट सीरीज़ में कप्तान के रूप में सबसे अधिक रन
शुभमन गिल इस समय शानदार फॉर्म में हैं और बतौर कप्तान यह उनकी पहली टेस्ट सीरीज़ है। अब तक उन्होंने 722 रन बना लिए हैं और अभी एक टेस्ट मैच बाकी है। इस आंकड़े के साथ वह टेस्ट इतिहास में कप्तान के तौर पर पहली सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में अब उनके आगे सिर्फ सर डॉन ब्रैडमैन हैं, जिन्होंने 810 रन बनाए थे। गिल ने इस मामले में ग्रेग चैपल (702 रन) और क्लाइव लॉयड (636 रन) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
93 साल में एशिया का सबसे बड़ा कारनामा
गिल ने वो कर दिखाया जो पिछले 93 सालों में कोई भी एशियाई बल्लेबाज़ इंग्लैंड में नहीं कर सका था। 1932 से अब तक एशियाई टीमें इंग्लैंड दौरे पर जाती रही हैं, लेकिन किसी भी बल्लेबाज ने एक ही टेस्ट सीरीज़ में 700 रनों का आंकड़ा पार नहीं किया था। शुभमन गिल ने यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल कर ली है और वह इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज़ में 700+ रन बनाने वाले पहले एशियाई खिलाड़ी बन गए हैं।
एक सीरीज़ में भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन
गिल अब एक टेस्ट सीरीज़ में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं:
- सुनील गावस्कर – 774 रन
- सुनील गावस्कर – 732 रन
- शुभमन गिल – 722 रन (एक टेस्ट शेष)
- यशस्वी जायसवाल – 712 रन
कप्तान के तौर पर एक सीरीज़ में सर्वाधिक शतक
शुभमन गिल अब एक टेस्ट सीरीज़ में कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शीर्ष पर हैं।
- शुभमन गिल – 4 शतक
- सर डॉन ब्रैडमैन – 4 शतक
- सुनील गावस्कर – 4 शतक
इसके अलावा, गिल ने विदेशी धरती पर भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज़्यादा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली (2014/15) और सुनील गावस्कर (1971) की बराबरी कर ली है।
आखिरी टेस्ट में टूट सकते हैं और रिकॉर्ड
31 जुलाई से शुरू होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट में शुभमन गिल के पास सुनील गावस्कर के 774 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है। अगर वे 53 रन और बना लेते हैं तो वह एक सीरीज़ में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।