टीम इंडिया ने ओवल टेस्ट में दर्ज की जीत (सोर्स- बीसीसीआई- एक्स)
IND vs ENG: भारत ने ओवल टेस्ट में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए इंग्लैंड को 6 रनों से हराया। पांचवें दिन इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन बनाने थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेज़बान टीम को महज़ 28 रन पर समेट दिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ सीरीज 2-2 से बराबर हो गई। ओवल में भारत की यह तीसरी जीत है, और टेस्ट इतिहास में रनों के लिहाज़ से भारत की सबसे करीबी जीत भी।
ओवल में भारत की तीसरी ऐतिहासिक जीत
भारत ने ओवल में पहली जीत 1971 में अजीत वाडेकर की कप्तानी में दर्ज की थी। इसके बाद विराट कोहली की अगुआई में 2021 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को इसी मैदान पर हराया था। अब शुभमन गिल तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं जिन्होंने ओवल में टीम को टेस्ट जीत दिलाई है। इंग्लैंड की दूसरी पारी में 106 के स्कोर तक उसके तीन विकेट गिर चुके थे, लेकिन हैरी ब्रूक (111) और जो रूट (105) ने 195 रनों की साझेदारी कर मैच को भारत से दूर करने की कोशिश की। लेकिन अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए कमाल कर दिया।
इतिहास की सबसे करीबी टेस्ट जीत
यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे कम अंतर से जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 रनों की जीत के नाम था। वहीं, 1972 में भारत ने इंग्लैंड को 28 रनों से हराया था। अब 2025 में यह आंकड़ा सिर्फ 6 रन का हो गया है।
- 6 रन – बनाम इंग्लैंड – 2025
- 13 रन – बनाम ऑस्ट्रेलिया – 2004
- 28 रन – बनाम इंग्लैंड – 1972
बारिश से प्रभावित टेस्ट में उतार-चढ़ाव भरा खेल
मैच की पहली पारी में भारत सिर्फ 224 रन ही बना सका। इंग्लैंड ने 92 रनों की ओपनिंग साझेदारी की और 247 रन बनाकर 23 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत ने यशस्वी जायसवाल के शानदार 118 रन और आकाशदीप के 66 रनों की मदद से 396 रन बनाए और इंग्लैंड को 374 रनों का लक्ष्य दिया।
सिराज और कृष्णा बने भारत की जीत के हीरो
भारतीय गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटके, जबकि कृष्णा ने दोनों पारियों में मिलाकर 8 विकेट चटकाए। दोनों मिलकर कुल 17 विकेट लेकर भारत की जीत के नायक बने।