लॉर्ड्स के मैदान पर जमकर हुआ ड्रामा (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का तीसरा मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला लिया और टीम ने जो रूट के शानदार शतक की बदौलत पहली पारी में 387 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने भी दमदार खेल दिखाते हुए केएल राहुल के शानदार शतक के सहारे उतने ही रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। जिसके बाद इंग्लैंड की जब दूसरी पारी शुरू हुई तब जमकर ड्रामा हुआ और पूरी दुनिया ने अंग्रेजों की बेईमानी देखी।
तीसरे दिन दूसरी पारी में इंग्लैंड ने खेली नई चाल
तीसरे दिन जब इंग्लैंड दूसरी पारी के लिए मैदान पर उतरा, तब खेल का रंग पूरी तरह बदल गया। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ जैक क्राउली और बेन डकेट ने पारी की शुरुआत की, जबकि टीम इंडिया की ओर से जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाज़ी संभाली। इसी दौरान आखिरी ओवर में इंग्लिश बल्लेबाज़ों ने समय बर्बाद करने की चाल चली, ताकि उन्हें अगला ओवर न खेलना पड़े। क्राउली ने बार-बार स्ट्राइक लेने से इनकार किया और जानबूझकर देरी करते रहे।
बुमराह की गेंद पर क्राउली की हरकत
जसप्रीत बुमराह के ओवर में क्राउली ने पहली गेंद पर कोई रन नहीं लिया, दूसरी पर दो रन लिए। इसके बाद उन्होंने बार-बार मैदान छोड़ने का नाटक शुरू कर दिया। इस पर बुमराह साफ तौर पर नाराज़ दिखे और कप्तान शुभमन गिल ने भी तुरंत जाकर क्राउली से बात की। भारतीय खिलाड़ी भी इस हरकत से परेशान होकर एक जगह इकट्ठा हो गए और माहौल गरम हो गया।
दस्तानों पर गेंद लगने का बहाना बनाकर बुलाया फिज़ियो
बुमराह की पांचवीं गेंद जैक क्राउली के दस्तानों पर लगी, जिसके बाद उन्होंने चोट का बहाना बनाते हुए फिज़ियो को बुला लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर तालियां बजाकर इसका मज़ाक उड़ाया और विरोध दर्ज कराया। इसी बीच गिल फिर से क्राउली के पास पहुंचे और तीखी बातचीत हुई। जवाब में क्राउली ने भी पलटकर कुछ कहा, जिससे माहौल और गरमा गया।
लॉर्ड्स बना जंग का मैदान, डकेट ने संभाला मोर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद लॉर्ड्स का मैदान अचानक जंग के मैदान में बदल गया। बेन डकेट ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने भी एकजुट होकर जवाब दिया। भारतीय खिलाड़ियों की तालियों और आक्रामक तेवर ने इंग्लिश खेमे में भी हलचल मचा दी। इस ड्रामे ने तीसरे दिन के खेल को बेहद रोमांचक और यादगार बना दिया।