गौतम गंभीर का फूटा गुस्सा (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। दोनों टीमें 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच खेलने जा रही हैं। यह मैच भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है, क्योंकि अब तक खेले गए चार मैचों में भारत केवल एक मुकाबला जीत सका है, दो मैच इंग्लैंड ने जीते हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है। ऐसे में सीरीज़ को बराबरी पर खत्म करने के लिए भारत को आखिरी मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
मैच से पहले भारतीय टीम ओवल में अभ्यास कर रही थी, लेकिन इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। दरअसल, भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और ओवल पिच के मुख्य क्यूरेटर ली फोर्टिस के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो समाचार एजेंसी पीटीआई ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें गौतम गंभीर काफी नाराज़ नज़र आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि गंभीर आंखों में तीखा भाव लिए हुए, क्यूरेटर की ओर उंगली उठाकर कुछ कह रहे हैं। उनके साथ खड़े बल्लेबाजी कोच सीताशु कोटक बीच-बचाव करने की कोशिश करते भी दिखते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों के बीच किस मुद्दे को लेकर बहस हुई, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि मामला पिच की तैयारी या उसकी स्थिति से जुड़ा हो सकता है।
टीम इंडिया के लिए निर्णायक मुकाबला
गंभीर का इस तरह भड़कना बताता है कि टीम इंडिया इस मुकाबले को लेकर बेहद गंभीर है। अब तक के प्रदर्शन पर नज़र डालें तो भारत ने बर्मिंघम टेस्ट में शानदार जीत दर्ज की थी, लेकिन बाकी दो मैच हार गया। चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में ड्रॉ रहा। अब आखिरी मैच में जीत ही भारत को सीरीज़ ड्रॉ करवाने का एकमात्र मौका दे सकती है।
पिच विवाद से पहले ही बढ़ा दबाव
इस विवाद ने ओवल टेस्ट से पहले माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। टीम इंडिया के फैंस अब इस बात को लेकर भी चिंतित हैं कि कहीं पिच का स्वभाव भारत के खिलाफ न चला जाए। हालांकि, यह तो मैच के दिन ही पता चलेगा कि पिच का बर्ताव कैसा होता है। फिलहाल, सभी की निगाहें 31 जुलाई से शुरू होने वाले इस निर्णायक मुकाबले पर टिक गई हैं।