शुभमन गिल और साई सुदर्शन (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के तहत यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
बारिश से बाधित मुकाबले के दौरान दूसरे सत्र तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 85 रन बना लिए थे। इसी के साथ भारत ने कुल स्कोर 3272 रनों तक पहुंचाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 3270 रनों के साथ 1978-79 की घरेलू सीरीज़ में वेस्टइंडीज के खिलाफ बना था।
एक टेस्ट सीरीज़ में भारत द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन
3272 रन – इंग्लैंड के खिलाफ (2025)*
3270 रन – वेस्टइंडीज के खिलाफ (1978/79)
यह बात भी खास है कि इस रिकॉर्ड से पहले भारत ने अपनी सभी टॉप स्कोरिंग टेस्ट सीरीज़ घरेलू मैदान पर खेली थीं। लेकिन इस बार यह उपलब्धि विदेशी धरती पर हासिल की गई है, जो टीम इंडिया की बल्लेबाज़ी गहराई और निरंतरता को दर्शाता है।
गिल का व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी ऐतिहासिक
कप्तान शुभमन गिल का बल्ला इस सीरीज़ में खूब चला है। पाँचवें टेस्ट की पहली पारी में वह 21 रन बनाकर रन आउट हुए, लेकिन इसके बावजूद उनके सीरीज़ में 743 रन हो चुके हैं। इससे पहले भारत के लिए एक सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर के नाम था, जिन्होंने 1978/79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे।
दुनिया में सबसे ज्यादा रन एक सीरीज़ में
अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखा जाए तो एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। 1989 की एशेज सीरीज़ में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 3877 रन बनाए थे। भारत अब इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इतिहास में दर्ज हुआ 2025 इंग्लैंड दौरा
भारत के लिए 2025 का इंग्लैंड दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक बन गया है। न केवल कप्तान शुभमन गिल ने व्यक्तिगत रूप से रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि पूरी टीम ने एक टेस्ट सीरीज़ में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर एक नया अध्याय रच दिया। विदेशी सरज़मीं पर इस तरह का प्रदर्शन भारत की टेस्ट क्रिकेट में बढ़ती ताकत का प्रतीक है।