हरभजन सिंह और श्रीसंत (सोर्स- सोशल मीडिया)
Harbhajan Singh And S Sreesanth: आईपीएल 2008 में हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच हुए विवाद पर अब एक बड़ा खुलासा सामने आया है। इस विवाद में हरभजन ने मैदान पर श्रीसंत को थप्पड़ मारा था, जिसके बाद श्रीसंत भावुक होकर रोने लगे थे। अब पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी ने इस घटना का असली वीडियो सार्वजनिक किया है, जो 18 वर्षों तक उनके पास ही सुरक्षित था। ललित मोदी ने यह वीडियो बियॉन्ड23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर माइकल क्लार्क से बातचीत के दौरान साझा किया और पूरी घटना का विवरण दिया।
मैच के बाद हुई थी घटना
ललित मोदी ने खुलासा किया कि यह घटना मैच खत्म होने के बाद की है। जब सभी टीवी कैमरे बंद हो चुके थे, तब खिलाड़ियों के अभिवादन के दौरान यह विवाद हुआ। मोदी के मुताबिक, उस समय केवल एक सिक्योरिटी कैमरा ऑन था, जिसने पूरे विवाद को रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे और तभी हरभजन ने श्रीसंत को अचानक थप्पड़ मार दिया।
श्रीसंत की आंखों में आंसू
थप्पड़ खाने के बाद श्रीसंत पूरी तरह टूट गए थे और कैमरों के सामने फूट-फूट कर रोते हुए नजर आए। साथी खिलाड़ी उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन यह दृश्य क्रिकेट इतिहास के सबसे शर्मनाक पलों में दर्ज हो गया। यह घटना मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के बीच मैच के बाद की है।
हरभजन सिंह पर लगा था 8 मैचों का बैन
इस घटना के बाद बीसीसीआई ने तुरंत जांच शुरू की और हरभजन सिंह को दोषी पाया गया। इसके चलते उन पर आईपीएल के 8 मैचों का प्रतिबंध लगाया गया। यह प्रतिबंध उस समय काफी चर्चा में रहा और हरभजन को आलोचना का सामना करना पड़ा।
भज्जी ने कई बार मांगी माफी
हरभजन सिंह ने वर्षों बाद कई बार इस घटना पर खेद जताया और माफी भी मांगी। हाल ही में उन्होंने एक बयान में कहा, “अगर मुझे अपनी जिंदगी में कुछ बदलने का मौका मिले, तो मैं इस थप्पड़ वाली घटना को ज़रूर मिटा दूंगा।” भज्जी और श्रीसंत दोनों ही अब इस घटना को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन यह वीडियो एक बार फिर से उस विवाद को चर्चा में ले आया है।
Also Read This: Shubman Gill की हुआ मैदान पर वापसी, Asia Cup में जमाएंगे रंग
सबसे विवादास्पद घटनाओं में शामिल
हरभजन-स्रीसंत थप्पड़ कांड भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे विवादास्पद घटनाओं में से एक मानी जाती है। इस वीडियो के सामने आने से अब उस रात की सच्चाई सबके सामने है। हालांकि, अब दोनों खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं और कई मंचों पर एक-दूसरे के साथ नजर भी आए हैं, लेकिन यह घटना हमेशा क्रिकेट के विवादित अध्यायों में बनी रहेगी।