धनबाद क्रिकेट संघ (DCA)
धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) के आगामी 2025-26 सत्र की शुरुआत चैलेंजर ट्रॉफी से की जाएगी। यह निर्णय रविवार को धनबाद क्लब में आयोजित संघ की प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने की।
अध्यक्ष ने जानकारी दी कि चैलेंजर ट्रॉफी टूर्नामेंट का आयोजन 6 सितंबर से किया जाएगा, जिसमें कुल तीन प्रतियोगिताएं शामिल होंगी, सीनियर पुरुष, जूनियर पुरुष और महिला वर्ग। इस टूर्नामेंट के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
1 सितंबर से खिलाड़ियों और टीमों का रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। इससे पूर्व सभी टीमों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उनके सुझाव लिए जाएंगे, ताकि आयोजन को पारदर्शी और सुव्यवस्थित रूप दिया जा सके।
DCA के महासचिव ने क्या कहा?
संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में एजीएम (सामान्य वार्षिक बैठक) के आयोजन और वार्षिक पुरस्कार समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। साथ ही संघ की भविष्य की योजना “मिशन 28” को लेकर भी अहम चर्चा की गई। इसके संचालन हेतु एक विशेष समिति गठित करने पर सहमति बनी।
यह भी पढ़ें: Bihar Divyang A टीम ने जीता दिव्यांग टी20 कप का खिताब, सिवान को रोमांचक मुकाबले में हराया
बैठक में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा एवं बीएच खान उपस्थित रहे। इनके अलावा सुनील कुमार, अभिजीत घोष, संजीव राणा, दिवेन तिवारी, डॉ. राजशेखर सिंह, द्वारिका तिवारी और जितेंद्र सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।