टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: देशभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस समय 2025 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा पर टिकी हुई हैं। फैंस के मन में यह सवाल लगातार बना हुआ है कि किन खिलाड़ियों को मौका मिलेगा और किनको टीम से बाहर रखा जाएगा। बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक, हर पोजीशन के लिए कई मजबूत दावेदार मैदान में हैं। ऐसे में टीम चयन की बैठक में काफी बहस और चर्चा होने की संभावना है।
19 अगस्त को होगा टीम का ऐलान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट कर दिया है कि 2025 एशिया कप के लिए टीम की घोषणा मंगलवार, 19 अगस्त को की जाएगी। हालांकि, इस बार टीम की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नहीं की जाएगी, बल्कि सोशल मीडिया और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए टीम की जानकारी साझा की जाएगी। पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि टीम की घोषणा 18 अगस्त को हो सकती है, लेकिन अब इस पर विराम लग चुका है।
सूर्यकुमार यादव होंगे कप्तान!
कप्तान को लेकर बना सस्पेंस अब खत्म होते नजर आ रहा है। सूर्यकुमार यादव को 2025 एशिया कप के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। आईपीएल 2025 के बाद सूर्यकुमार की स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी हुई थी। फिलहाल वह एनसीए में रिहैब से गुजरने के बाद पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। उन्होंने BCCI के सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं, जिससे उनकी उपलब्धता को लेकर अब कोई संशय नहीं है। कप्तानी के साथ-साथ उनके प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें होंगी।
पहली बार एशिया कप में आठ टीमें लेंगी हिस्सा
2025 एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा। यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसके सभी मुकाबले अबू धाबी और दुबई में होंगे। इस बार टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग लेंगी, जो कि एशिया कप के इतिहास में पहली बार हो रहा है। इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। पहले चरण में लीग स्टेज के मुकाबले होंगे, जिसमें हर टीम तीन-तीन मैच खेलेगी। इसके बाद सुपर-4 राउंड होगा, जिसमें चार सर्वश्रेष्ठ टीमें आमने-सामने होंगी। फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को
टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी। क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि टीम एक संतुलित और मजबूत संयोजन के साथ मैदान में उतरेगी और एशिया कप की ट्रॉफी एक बार फिर अपने नाम करेगी।