ईशान किशन हुए चोटिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लग सकता है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। इस बीच, टीम इंडिया की आधिकारिक घोषणा 19 अगस्त को की जाएगी, जिसमें कई नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना है।
ईशान किशन को लगी चोट
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन को चोट के कारण दलीप ट्रॉफी 2025 के शुरुआती मुकाबलों से बाहर होना पड़ा है। उन्हें यह चोट इंग्लैंड के नॉटिंघमशायर में लगी, जब वह ई-बाइक से गिर गए थे। हालांकि चोट गंभीर नहीं थी, लेकिन गिरने के बाद उन्हें कई टांके लगे और अभी तक वह पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। इसके चलते, ईशान किशन ईस्ट ज़ोन टीम का हिस्सा नहीं होंगे और उनकी जगह ओडिशा के आशीर्वाद स्वैन को टीम में शामिल किया गया है।
टीम इंडिया से पहले भी हो चुके हैं बाहर
यह पहली बार नहीं है जब चोट के कारण ईशान किशन टीम इंडिया से बाहर हुए हों। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में जब ऋषभ पंत उपलब्ध नहीं थे, तब भी ईशान किशन को फिटनेस कारणों से टीम में नहीं चुना गया था। उस समय टीम में बैकअप विकेटकीपर के तौर पर एन जगदीशन को शामिल किया गया था, जबकि ध्रुव जुरेल पहले से टीम का हिस्सा थे।
एशिया कप में नहीं खेलेंगे ईशान?
हालांकि ईशान किशन की चोट गंभीर नहीं मानी जा रही है, लेकिन उन्हें पूरी तरह से फिट होने का समय दिया जा रहा है। ऐसे में उनकी एशिया कप टीम में वापसी मुश्किल मानी जा रही है। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज़ में शामिल किया जा सकता है, जिसमें भारत ए टीम को दो चार दिवसीय मैच खेलने हैं।
9 सितंबर से शुरू होगा एशिया कप
2025 एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से 28 सितंबर तक किया जाएगा, और इस बार यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। सभी मैच अबू धाबी और दुबई में होंगे। इस बार प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग लेंगी, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। शुरुआत में लीग स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे, इसके बाद सुपर-4 राउंड होगा, और फिर 28 सितंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
टीम इंडिया की घोषणा 19 अगस्त को
टीम इंडिया की आधिकारिक घोषणा 19 अगस्त को की जाएगी। इस बार कप्तानी का जिम्मा सूर्यकुमार यादव को सौंपा जाएगा, जिन्होंने हाल ही में फिटनेस टेस्ट पास किया है। ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन में से किसी को मौका मिल सकता है। मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा और ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पांड्या की वापसी तय मानी जा रही है।