एशिया कप 2025 बैठक अपडेट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 कब और कहां खेला जाएगा, इस पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। ढाका में हुई एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद भी टूर्नामेंट को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हो सका।
24 जुलाई 2025 को ढाका में हुई इस अहम बैठक का सबसे अहम एजेंडा एसीसी उपाध्यक्ष का चुनाव था, लेकिन इसे फिलहाल के लिए टाल दिया गया। इसके साथ ही, एशिया कप 2025 को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। एसीसी की प्रेस विज्ञप्ति में भी इसका कोई ज़िक्र नहीं है। एक तरह से बैठक स्थगित कर दी गई है। क्रिकबज़ ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि बीसीसीआई की सहमति के बिना न तो टूर्नामेंट की तारीख तय होगी और न ही आयोजन स्थल।
बीसीसीआई की ‘सॉफ्ट पावर’ का बड़ा असर
बीसीसीआई इस बैठक में वर्चुअली मौजूद था। राजीव शुक्ला ने ऑनलाइन भाग लिया, लेकिन उनकी उपस्थिति इतनी ज़बरदस्त थी कि एशिया कप पर फैसला टालना पड़ा। एसीसी प्रमुख मोहसिन नक़वी ने खुद माना कि एशिया कप पर अंतिम फैसला बीसीसीआई ही लेगा, क्योंकि वह मेज़बान बोर्ड है। यानी, भले ही टूर्नामेंट का आयोजन एसीसी के अधीन आता है, लेकिन अंतिम फैसला अभी भी बीसीसीआई के पास ही है।
BCCI ही आयोजन की तारीखें करेगा तय
अब तक मिले संकेतों के अनुसार, एशिया कप सितंबर में यूएई में आयोजित होने की पूरी संभावना है। मैच दुबई और अबू धाबी में होंगे। 19 मैचों के इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। हालांकि, बीसीसीआई अभी भी अपने व्यावसायिक साझेदारों के साथ कुछ मुद्दों को सुलझा रहा है, इसलिए कार्यक्रम की घोषणा में कुछ समय लगेगा। उम्मीद है कि आयोजन स्थल और कार्यक्रम जल्द ही घोषित कर दिए जाएंगे।
बीसीसीआई की भूमिका
बैठक में मंगोलिया, उज़्बेकिस्तान और फिलीपींस को एसीसी में शामिल किया गया और 2026 के एशियाई खेलों में क्रिकेट की वापसी को मंज़ूरी दी गई, लेकिन इन सबके बीच सबसे अहम बात बीसीसीआई का ‘कम नज़र आकर भी सब कुछ तय करने’ का अंदाज़ रहा। मोहसिन नक़वी की अगुवाई वाली इस बैठक में चुनाव टाल दिए गए, एशिया कप की घोषणा नहीं हुई और हर अहम फ़ैसला बीसीसीआई की सहमति पर निर्भर रहा। यानी असल में बागडोर अभी भी बीसीसीआई के हाथ में है। इस तरह ढाका में बैठक करने के बाद भी बीसीसीआई की जीत हुई और मोहसिन नक़वी को हार का सामना करना पड़ा।