हॉकी एशिया कप 2025 (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: बिहार का ऐतिहासिक शहर राजगीर इस बार एक अहम अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। यहां पर हॉकी पुरुष एशिया कप 2025 का आयोजन किया जाएगा, जो 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक चलेगा। यह पहली बार है जब बिहार इस स्तर के हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण कर इसकी औपचारिक शुरुआत की।
यह टूर्नामेंट एशिया की 8 शीर्ष हॉकी टीमों के बीच खेला जाएगा, जिसमें भारत सहित कई बड़े देश हिस्सा ले रहे हैं।
पाकिस्तान ने नाम लिया वापस
टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही एक बड़ा बदलाव हुआ, जब पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद आयोजकों ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया। इस बदलाव के कारण टूर्नामेंट के शेड्यूल और टीमों की ग्रुपिंग में भी फेरबदल किया गया है। अब फाइनल शेड्यूल के मुताबिक, प्रतियोगिता पहले से और भी रोमांचक बन गई है।
टीमें दो ग्रुप में बांटी गईं: कौन किस ग्रुप में है?
टूर्नामेंट में 8 टीमों को दो ग्रुप (पूल A और पूल B) में बांटा गया है:
- पूल A: भारत, जापान, चीन और कजाकिस्तान
- पूल B: मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे
हर टीम अपने पूल में तीन मुकाबले खेलेगी। ग्रुप चरण के बाद प्रत्येक पूल से दो टीमें सुपर 4 में पहुंचेंगी, जहां से फाइनलिस्ट तय होंगे।
भारत का पहला मुकाबला कब और किससे होगा?
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलेगी। उसी दिन टूर्नामेंट में कुल चार मुकाबले होंगे। ग्रुप चरण 4 दिनों में पूरा होगा, जिसके बाद सुपर 4 चरण की शुरुआत होगी। सुपर 4 में क्वालिफाई करने वाली टीमें आपस में एक बार-एक बार खेलेंगी।
फाइनल मुकाबला और टूर्नामेंट की समाप्ति
सुपर 4 की अंक तालिका के आधार पर शीर्ष दो टीमें फाइनल में 7 सितंबर को आमने-सामने होंगी। यह फाइनल मुकाबला टूर्नामेंट का निर्णायक क्षण होगा, जहां एशिया की सबसे बेहतरीन टीम का ताज तय किया जाएगा।
राजगीर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय पहचान
इस आयोजन से न केवल भारतीय हॉकी को बल मिलेगा, बल्कि बिहार को खेल जगत में नई पहचान भी मिलेगी। राजगीर जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थल पर इस प्रकार का टूर्नामेंट पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। इससे राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।