अश्विन और गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Ashwin Praised Gill: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे। बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को हराकर इतिहास रच दिया। दूसरे टेस्ट में धमाकेदार जीत के बाद गिल एंड कंपनी ने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। इस मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 336 रनों से मात दी। जिसके बाद पूर्व खिलाड़ी आर. अश्विन ने कप्तान गिल की जमकर तारीफ की है।
दोनों पारियों में शतक जड़कर छाए गिल
टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल ने इस जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाए, जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल था। अब टीम इंडिया को 10 जुलाई से लॉर्ड्स में तीसरा टेस्ट खेलना है, जिसमें गिल को अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखनी होगी।
अश्विन ने की गिल की जमकर तारीफ
भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर आर. अश्विन ने शुभमन गिल की तारीफों के पुल बांधे। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने गिल को नैसर्गिक प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि वह गिल की प्रेस कॉन्फ्रेंस को ध्यान से देख रहे थे और उन्हें बिल्कुल भी दिखावा महसूस नहीं हुआ। गिल अपने स्वाभाविक अंदाज में बात कर रहे थे और उसी आत्मविश्वास के साथ टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
मीडिया दबाव में भी नहीं घबराते गिल
अश्विन ने कहा कि विदेशी दौरों पर मीडिया खिलाड़ियों का मनोबल गिराने की कोशिश करता है, खासकर कप्तान को टारगेट बनाकर टीम का मनोबल तोड़ने की कोशिश की जाती है। लेकिन गिल इस दबाव में भी डटे रहते हैं।
गिल दिखाते हैं असली आत्मविश्वास
पूर्व स्पिनर ने कहा कि आमतौर पर खिलाड़ियों को मीडिया से कैसे बात करनी है, यह सिखाया जाता है। उन्हें बताया जाता है कि शब्दों को कैसे चुनना है और कैसे सावधानी बरतनी है। लेकिन गिल पर यह लागू नहीं होता। वह स्वाभाविक अंदाज में और पूरे आत्मविश्वास से अपनी बात रखते हैं। अश्विन ने कहा कि गिल के आत्मविश्वास को देखकर लगता है कि वह टीम इंडिया को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम हैं।