मेटा ने अरुण श्रीनिवास को अपने भारतीय ऑपरेशंस के लिए प्रबंध निदेशक और प्रमुख बनाया है. अरुण श्रीनिवास, मेटा में संध्या देवनाथन की जगह लेंगे, जिन्हें हाल ही में कंपनी ने भारत और साउथ ईस्ट एशिया का प्रमुख बनाया गया है. मेटा ने इस बारे में सूचना देते हुए कहा कि हम अरुण श्रीनिवास को भारत में मेटा के प्रबंध निदेशक और प्रमुख के रूप में नियुक्त कर रहे हैं. नई भूमिका में श्रीनिवास साझेदारों और ग्राहकों की सेवा के लिए कंपनी के काम, इनोवेशन और अर्निंग सोर्स को एक साथ लाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे.
इसके साथ ही मेटा के बिजनेस का लंबे वक्त का विकास और भारत के प्रति की गई कंपनी की प्रतिबद्धताओं का सपोर्ट करना जारी रखेंगे. मेटा ने कहा कि श्रीनिवास भारत की अगुवाई करेंगे और देश के प्रमुख ब्रांडों, विज्ञापनदाताओं, डेवलपर्स और पार्टनर्स के साथ रणनीतिक संबंधों को भी मजबूती देंगे. जिससे भारत को एक बाजार के रूप में और भी विकसित किया जा सके. इसके साथ ही मेटा ने कहा कि वह 1 जुलाई, 2025 से अपनी नई भूमिका में आ जाएंगे और देवनाथन को रिपोर्ट करते रहेंगे.
मेटा की उपाध्यक्ष (भारत और दक्षिण पूर्व एशिया) देवनाथन ने कहा, “भारत, मेटा एआई अपनाने, व्हाट्सएप और रील्स के मामले में आगे है, और अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को बनाने, प्रोडक्ट इनोवेशन को आगे बढ़ाने और मजबूत साझेदारी को बढ़ावा देने में अरुण का प्रभावशाली ट्रैक रिकॉर्ड उन्हें देश में मेटा के निवेश को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श बनाता है.
आपको बता दें कि आईआईएम कोलकाता से पोस्ट-ग्रेजुएट श्रीनिवास को हिंदुस्तान यूनिलीवर, रीबॉक, ओला और निवेश फर्म वेस्टब्रिज कैपिटल जैसी कंपनियों में बिक्री और विपणन नेतृत्व की भूमिकाओं में लगभग तीन दशकों का का लंबा अनुभव है. फिलहाल श्रीनिवास वर्तमान में भारत में विज्ञापन व्यवसाय के निदेशक और प्रमुख का काम देख रहे हैं. साल 2020 में कंपनी से जुड़ने के बाद देश की सबसे बड़े विज्ञापनदाताओं और एजेंसी पार्टनर्स के साथ मेटा के काम को भी देखा है.