बाबा बर्फानी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Amarnath Yatra 2025: धार्मिक आस्था और अध्यात्म से जुड़ी सबसे कठिन और सबसे पवित्र यात्राओं में से एक अमरनाथ यात्रा 2025, इस बार भक्तों के लिए काफी खास होने वाली है। हर साल हजारों श्रद्धालु कठिन रास्तों को पार कर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकलते हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2025 से शुरू होकर 9 अगस्त 2025 तक चलेगी, यानी कुल 38 दिनों तक भक्त भगवान शिव के अद्भुत बर्फ के शिवलिंग के दर्शन कर सकेंगे।
अमरनाथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य हैं, जिनमें मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, ट्रैवल परमिट और आरएफआईडी कार्ड शामिल हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के यात्रा पूरी कर सकें।
ऊंचाइयों पर विराजमान हैं बाबा बर्फानी
हर साल हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के पवित्र गुफा मंदिर ‘अमरनाथ’ के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर की बर्फीली और दुर्गम वादियों में लंबी और कठिन यात्रा पर निकलते हैं। समुद्र तल से लगभग 12,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह गुफा अपने प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त को समाप्त होगी। भक्तों में इस यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अमरनाथ यात्रा के दौरान भक्तों को कई बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सबसे पहले यात्रा के दौरान सात्विक भोजन और जीवनशैली का पालन करना अनिवार्य है।
फिटनेस पर करें काम
इस दौरान तामसिक चीजों से परहेज करें और ब्रह्मचर्य का पालन करें। मन को शांत रखें, किसी से झगड़ा या वाद-विवाद न करें और भगवान शिव का ध्यान व भजन करते रहें। भक्तों को सलाह दी जाती है कि यात्रा से दो-तीन महीने पहले ही अपनी फिटनेस पर काम करना शुरू कर दें। रोजाना टहलना, जॉगिंग करना, योग और प्राणायाम करना बहुत फायदेमंद रहेगा।
अपने साथ ले जाएं ये समान
साथ ही, यात्रा के लिए थर्मल वियर, ऊनी जैकेट, स्वेटर, वाटरप्रूफ जैकेट और पैंट, टोपी, दस्ताने और मोटे मोजे जैसे गर्म कपड़े जरूर पैक करें। ऊंचाई पर चढ़ाई करते समय गति धीमी रखें और बीच-बीच में आराम कर गहरी सांस लें। खाने-पीने का भी विशेष ध्यान रखें और किसी के बारे में बुरा न बोलें।
रहस्यमयी हैं बाबा बर्फानी
हिंदू धर्म में अमरनाथ यात्रा का बहुत महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इसी पवित्र गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरता का रहस्य बताया था। गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला बर्फ का शिवलिंग भक्तों की आस्था का केंद्र है। कहा जाता है कि चंद्रमा की कलाओं के साथ-साथ इस शिवलिंग का आकार भी घटता-बढ़ता रहता है, जो इसे और भी विशेष बनाता है।