Online Fraud: झारखंड (Jharkhand) में साइबर हमलों की चपेट में आम से लेकर खास तक हर कोई ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहा है। झारखंड में साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता दिख रहा है। अब राज्य के उच्च पदों पर आसीन लोग भी साइबर फ्रॉड करने वाले के निशाने पर आ गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान दो अहम मामले उजागर हुए हैं, जहां अपराधियों ने एक मंत्री और झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) की डिजिटल सुरक्षा में सेंध लगाई है। जहां पहले मामले में कृषि, सहकारिता एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक किया। वहीं दूसरी ओर झामुमो के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल को हैक कर उस पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया गया। इन मामलों ने राज्य की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Online Fraud: मंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर अनधिकृत कब्ज़ा, रांची का युवक आरोपित
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने के मामले में पुलिस ने रांची के नामकुम निवासी अर्सलान दरवानी को आरोपित बनाया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, हालांकि अब तक उसके सही ठिकाने का पता नहीं चल पाया है। मंत्री के आप्त सचिव मनोरंजन कुमार ने इस मामले में साइबर पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने कहा कि अकाउंट हैक होने से मंत्री की निजता को नुकसान पहुंचा है और उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसलिए हैक हुए अकाउंट को तत्काल बंद कराने की मांग करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की अपील की गई है।
Online Fraud: झामुमो का एक्स हैंडल भी बना साइबर हमले का शिकार
दूसरी घटना में झारखंड मुक्ति मोर्चा का एक्स हैंडल शनिवार रात हैक कर लिया गया था। हैकिंग के बाद एक आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की गई, जिसने पार्टी की साख पर सवाल खड़े कर दिए। गौरतलब है कि इस हैंडल के दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और पार्टी इसी मंच के जरिए रोजाना पांच से दस पोस्ट डालकर अपनी नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी सार्वजनिक करती है। पार्टी की ओर से आखिरी आधिकारिक पोस्ट 12 जुलाई को शाम 5:45 बजे डाली गई थी। हैकिंग का पता लगते ही घंटों पार्टी के डिजिटल संचालन तंत्र में भी हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें: जामताड़ा में आदिवासी वेश में पहुंची दिल्ली पुलिस, 10.80 लाख की ठगी करने वाले 3 ठग दबोचे
Online Fraud: मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान, पुलिस और एक्स कार्यालय को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की स्थिति को समझते हुए घटना पर फौरन प्रतिक्रिया दी और पुलिस को निर्देश दिया कि इस मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने ‘एक्स’ के भारत स्थित कार्यालय से भी अनुरोध किया है कि वे इस हैकिंग की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र उचित कदम उठाएं। मुख्यमंत्री ने खुद अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “झामुमो का आधिकारिक एक्स अकाउंट असामाजिक तत्वों ने हैक कर लिया है। झारखंड पुलिस इस मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करे। साथ ही एक्स भारत भी इस पर ध्यान दे।”
Online Fraud: साइबर ब्रांच ने तेज की जांच, डिजिटल सुरक्षा पर बहस तेज
साइबर ब्रांच इन दोनों मामलों में तकनीकी सबूत जुटा रही है। आरोपियों की पहचान, उनके डिवाइस की लोकेशन ट्रेस करना और अकाउंट्स को रिकवर कराना फिलहाल प्राथमिकता है। इन घटनाओं के बाद झारखंड में डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा को लेकर नई बहस भी छिड़ गई है। एक्सपर्ट का मानना है कि नेताओं और पार्टियों के सोशल मीडिया अकाउंट को अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के तहत मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, मजबूत पासवर्ड पॉलिसी और नियमित मॉनिटरिंग से लैस करना जरूरी है। तभी ऐसे साइबर हमलों से निपटा जा सकेगा। अगर इन साइबर धोखाधड़ी करने वालों पर लगाम नहीं लगी तो आने वाले दिनों में ये और बड़ा सिरदर्द बन जाएंगे।