PM मोदी के वाहन पर चालान का दावा (सोर्स- सोशल मीडिया)
PM Modi Vehicle Challan: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक चौंकाने वाला दावा तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित सरकारी गाड़ी पर तीन ट्रैफिक चालान लंबित हैं। वायरल पोस्ट में एक स्क्रीनशॉट भी शामिल है, जिसमें दिल्ली नंबर DL2CAX2964 वाली गाड़ी पर चालान दिखाए गए हैं। इस दावे ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
किसने किया दावा?
दरअसल, सोशल मीडिया यूजर आर्यन सिंह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट कर यह दावा किया। उन्होंने लिखा कि जिस गाड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठे नजर आए थे, उस पर तीन ट्रैफिक चालान बकाया हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने चालान का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया।
Dear @narendramodi ji
Your Vehicle no DL2CAX2964 has 3 challans pending , kindly pay the challan on time and avoid any such violation next time
Cc: @PMOIndia @HMOIndia @dtptraffic pic.twitter.com/XMld2phm2E— Aryan Singh (@iamAryan_17) July 1, 2025
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह वाहन प्रधानमंत्री की निजी गाड़ी है या फिर सरकारी बेड़े में शामिल कोई अन्य वाहन। फिर भी, पोस्ट में प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग किया गया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
इस दावे की वजह से सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। यूजर्स इसे देखने के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने कानून की समानता की वकालत करते हुए कहा कि “कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या प्रधानमंत्री।” वहीं, कुछ यूजर्स ने प्रशासन की पारदर्शिता की तारीफ की।
कुछ लोगों ने चिंता जताई कि अगर सरकारी या वीआईपी वाहनों पर भी चालान लंबित रहते हैं और जुर्माना नहीं भरा जाता, तो इससे आम जनता को गलत संदेश जा सकता है। इसके अलावा कुछ लोग इसे फेक भी कह रहे हैं।
क्या फेक है पोस्ट?
कई यूजर्स ने इस पोस्ट की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने जानना चाहा कि क्या यह गाड़ी वाकई प्रधानमंत्री द्वारा इस्तेमाल की जाती है या फिर यह सिर्फ सरकारी बेड़े का एक सामान्य वाहन है। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर इस दावे से जुड़े मीम्स और कमेंट्स की बाढ़ सी आ गई है। फिलहाल, इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है।