भारत बनाम पाकिस्ता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: 2025 एशिया कप का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी और दुबई में किया जाएगा। इस बार यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें एशिया की प्रमुख टीमें भाग लेंगी। खासतौर पर भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित मुकाबलों को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लेकिन, अब जो यूएई क्रिकेट बोर्ड ने बयान दिया है, उससे फैंस को करारा झटका लगा है।
भारत-पाकिस्तान के बीच 3 मैचों की संभावना
भारत और पाकिस्तान के बीच 2025 एशिया कप में तीन मुकाबले होने की संभावना है, लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि दोनों टीमें टूर्नामेंट में कितना आगे जाती हैं। पहला मैच 14 सितंबर को लीग स्टेज के दौरान खेला जाएगा। यदि दोनों टीमें सुपर-4 में जगह बनाती हैं, तो 21 सितंबर को एक बार फिर आमने-सामने होंगी। वहीं, अगर भारत और पाकिस्तान दोनों फाइनल में पहुंचते हैं, तो 28 सितंबर को तीसरी और निर्णायक भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
यूएई क्रिकेट बोर्ड का चौंकाने वाला बयान
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर यूएई क्रिकेट बोर्ड ने एक अहम बयान दिया है। बोर्ड के मुख्य परिचालन अधिकारी सुभान अहमद ने कहा, “हमने टूर्नामेंट की तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। सभी क्रिकेट बोर्ड्स ने अपनी-अपनी सरकारों से अनुमति प्राप्त कर ली है।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा, “हम 100 प्रतिशत गारंटी नहीं दे सकते कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।”
राजनीति से अलग रहे क्रिकेट
सुभान अहमद ने कहा कि उन्हें किसी भी तरह के बहिष्कार की धमकी नहीं मिली है और उन्हें उम्मीद है कि क्रिकेट राजनीति से प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा, “प्रशंसक हमेशा से क्रिकेट और राजनीति को अलग रखते आए हैं। हमें उम्मीद है कि इस बार भी यही होगा और भारत-पाकिस्तान मैच सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएंगे।”
टिकटों को लेकर चेतावनी
सुभान अहमद ने प्रशंसकों को टिकट खरीदते समय सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “फिलहाल टिकटों की बिक्री शुरू नहीं हुई है। कोई भी व्यक्ति या प्लेटफ़ॉर्म जो टिकट बेचने का दावा कर रहा है, वह फर्जी है।” उन्होंने बताया कि एक अधिकृत टिकट एजेंसी से बातचीत जारी है और जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर टिकटों की बिक्री शुरू होगी।
खरीदें केवल आधिकारिक स्रोत से टिकट
यूएई बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि टिकट केवल अधिकृत प्लेटफ़ॉर्म से ही खरीदे जाएं ताकि किसी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सके। प्रशंसकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।