श्रेयस अय्यर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Shreyas Iyer: 2025 एशिया कप के लिए अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में कई अनुभवी और लोकप्रिय खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया है। टूर्नामेंट के लिए शुभमन गिल को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि सूर्यकुमार यादव टीम की अगुवाई करेंगे। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि स्टार बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को न केवल अंतिम 15 से बल्कि रिज़र्व खिलाड़ियों की लिस्ट (टॉप-20) से भी बाहर कर दिया गया है। टीम 9 सितंबर से 28 सितंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
आकाश चोपड़ा ने बनाई अपनी खास टीम
एशिया कप टीम की घोषणा के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने एक वैकल्पिक टी20 टीम तैयार की है, जिसमें उन्होंने उन खिलाड़ियों को जगह दी है जो आधिकारिक टीम का हिस्सा नहीं हैं। इस टीम में श्रेयस अय्यर को कप्तान नियुक्त किया गया है। अय्यर 2023 के बाद से टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं, हालांकि उनका हालिया प्रदर्शन संकेत दे रहा था कि वह वापसी के दावेदार हैं।
सलामी जोड़ी में ऋतुराज और यशस्वी को चुना
आकाश चोपड़ा की टीम में पारी की शुरुआत के लिए यशस्वी जयसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ को चुना गया है। यशस्वी का प्रदर्शन पिछले कुछ महीनों में बेहद प्रभावशाली रहा है, वहीं ऋतुराज ने भारत के लिए अब तक 23 टी20 और 6 वनडे मैच खेले हैं, लेकिन वह फिलहाल टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने के लिए चोपड़ा ने केएल राहुल को चुना है।
पंत और नीतीश रेड्डी को भी मिला स्थान
चोपड़ा की टीम में ऋषभ पंत और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, हालांकि दोनों खिलाड़ी फिलहाल फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं। पंत के पैर में फ्रैक्चर है और वह अभी रिकवरी मोड में हैं, जबकि नीतीश रेड्डी इंग्लैंड दौरे से घुटने की चोट के कारण लौटे हैं। इसके बावजूद चोपड़ा ने इन दोनों को भविष्य की संभावनाओं के रूप में अपनी टीम में जगह दी।
गेंदबाज़ी और ऑलराउंडर विकल्प भी संतुलित
ऑलराउंडर के रूप में क्रुणाल पंड्या और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया है, जो स्पिन गेंदबाज़ी के साथ बल्लेबाज़ी में भी योगदान दे सकते हैं। मुख्य स्पिनर के रूप में रवि बिश्नोई टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाज़ी की कमान प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को सौंपी गई है।
आकाश चोपड़ा की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ऋषभ पंत, नितीश कुमार रेड्डी, क्रुणाल पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, रवि बिश्नोई।