भारत बनाम पाकिस्तान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का आगाज़ 9 सितंबर से होने जा रहा है, जिसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान सहित कुल 8 टीमें भाग लेंगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें खासतौर पर 14 सितंबर को होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबले पर टिकी हैं। हमेशा की तरह इस बार भी यह मुकाबला ज़बरदस्त रोमांच और भावनात्मक जुड़ाव लेकर आएगा। हालांकि, इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
भारत-पाक मैच के प्रसारण पर मांग उठी रोक लगाने की
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस मैच के सीधे प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखते हुए कहा कि देश में हाल ही में हुए आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह का खेल संबंध स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसे समय में जब देश ने ऑपरेशन सिंदूर जैसे आतंकवाद-विरोधी अभियान शुरू किए हैं, तब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन एक विरोधाभासी संदेश देता है।
सांसद ने पत्र में जताई कड़ी नाराज़गी
प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने पत्र में लिखा, “मैं न केवल एक सांसद के रूप में, बल्कि एक संवेदनशील नागरिक के रूप में भी यह मांग कर रही हूँ कि इस मैच का प्रसारण रोका जाए। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया है।” उन्होंने आगे लिखा कि जब भारत सरकार दुनिया को पाकिस्तान के आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दे रही है, तब भारत-पाक मैच का आयोजन इस संदेश को कमजोर करता है।
संसद में भी उठाया गया था यह मुद्दा
इस पत्र से पहले भी प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से अपील की थी कि इस मैच को रद्द किया जाए। उनका कहना था कि अगर सरकार वास्तव में आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है, तो उसे क्रिकेट जैसे मंच पर भी यही रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि गृह मंत्री चाहें तो सिर्फ़ एक फोन कॉल से आईसीसी चेयरमैन को इस मैच को रद्द करने के लिए मना सकते हैं।
अब देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है और क्या भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाला यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा या नहीं।