वर्ल्ड कप के वेन्यू का ऐलान (सोर्स- सोशल मीडिया)
ODI World Cup 2027: आईसीसी ने 2027 क्रिकेट विश्व कप के लिए मेजबानी स्थानों का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया तीनों देशों द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। यह टूर्नामेंट अक्टूबर से नवंबर 2027 के बीच खेला जाएगा। कुल 54 मैच इस विश्व कप में होंगे, जिनमें से 44 मैच दक्षिण अफ्रीका के विभिन्न स्टेडियमों में खेलें जाएंगे, जबकि बाकी 10 मैच ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किए जाएंगे। यह इस टूर्नामेंट की वैश्विक पहुंच और प्रतिभागी देशों की संख्या को दर्शाता है।
कौन-कौन से मैदान होंगे मेजबान?
विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका के आठ प्रमुख मैदानों को मेजबानी के लिए चुना गया है। इन मैदानों में जोहान्सबर्ग, प्रिटोरिया, केप टाउन, डरबन, गेकेबारा, ब्लोमफोंटेन, ईस्ट लंदन और पार्ल शामिल हैं। साथ ही, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया के भी कुछ स्टेडियमों को मेजबानी का अवसर मिलेगा। नामीबिया पहली बार विश्व कप का आयोजन कर रहा है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा, विश्व कप के आयोजन के लिए स्थानीय आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसका अध्यक्ष दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कैबिनेट मंत्री ट्रेवर मैनुअल होंगे। यह 2003 के बाद दूसरी बार होगा जब दक्षिण अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे मिलकर वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे।
टूर्नामेंट का प्रारूप और टीमों की संख्या
2027 विश्व कप में कुल 14 टीम हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा जाएगा, हर ग्रुप में सात-सा टीमें होंगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर-6 चरण में प्रवेश करेंगी। यह प्रारूप 2003 में भी अपनाया गया था, जिससे टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और रोमांच बना रहता है। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे को सीधे टूर्नामेंट में प्रवेश मिलेगा, लेकिन नामीबिया को आईसीसी सदस्यता न होने के कारण क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट के जरिए जगह बनानी होगी।
पिछले विश्व कप की यादें
पिछला वनडे विश्व कप 2023 ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, जिसमें उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत को 6 विकेट से हराया था। 2027 विश्व कप को लेकर प्रशंसकों में उत्साह है कि यह टूर्नामेंट भी क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले और यादगार पलों से भर देगा। मेजबान देशों की संयुक्त तैयारी और बेहतरीन मैदान इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।