रिंकू सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय बल्लेबाज़ रिंकू सिंह ने कहा है कि उन्हें एशिया कप 2025 की टीम में चुने जाने की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। यूपी टी20 लीग के दौरान रेवस्पोर्ट्ज़ से बातचीत करते हुए रिंकू ने साफ़ कहा कि हाल ही में उनके अंतरराष्ट्रीय और घरेलू प्रदर्शन में गिरावट आई थी, जिससे वे खुद को टीम में शामिल होते नहीं देख रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें लगा था कि पिछले साल के औसत प्रदर्शन के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा।
चयन से बढ़ा आत्मविश्वास
रिंकू सिंह ने कहा कि जैसे ही उन्होंने एशिया कप के लिए टीम में अपना नाम देखा, उन्हें एक नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, “मुझे यकीन नहीं था कि मैं टीम में रहूंगा, लेकिन जब चयनकर्ताओं ने मुझ पर भरोसा जताया, तो मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ गया। इस भरोसे ने मुझे यूपी टी20 लीग में बेहतर खेलने की ताक़त दी और मेरी मानसिकता भी बदली।” रिंकू मानते हैं कि चयनकर्ताओं का यह विश्वास उनके लिए बहुत मायने रखता है।
चयन के बाद खेली शतकीय पारी
चयन की घोषणा के तुरंत बाद रिंकू ने यूपी टी20 लीग में मेरठ मावेरिक्स की ओर से खेलते हुए अपना पहला टी20 शतक जड़ा। टीम 168 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और शुरुआती 8 ओवरों में ही 4 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में रिंकू ने 48 गेंदों में 108 रनों की धुआंधार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। यह पारी उनके आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का परिचायक बन गई, जिससे उनका चयन और भी जायज़ लगने लगा।
हरफनमौला बनने की दिशा में रिंकू का प्रयास
रिंकू सिंह ने यह भी बताया कि अब वह बल्लेबाज़ी के साथ-साथ गेंदबाज़ी पर भी ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया में अब उन खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है जो मल्टी-डायमेंशनल हों यानी जो एक से अधिक भूमिकाएं निभा सकें। रिंकू बोले, “अगर आप बल्ले से अच्छा नहीं कर रहे हैं, तो गेंद से योगदान देना ज़रूरी है। मैं अब 1-2 ओवर गेंदबाज़ी भी कर सकता हूँ और शायद यही बात चयनकर्ताओं को पसंद आई।”
एशिया कप में रिंकू से उम्मीदे
रिंकू सिंह की मेहनत और समर्पण ने उन्हें एशिया कप की टीम में जगह दिलाई है। अब सभी की निगाहें उन पर होंगी कि वह इस बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए क्या खास कर पाते हैं। उनका हालिया प्रदर्शन और आत्मविश्वास यह दिखाता है कि वह तैयार हैं अपनी भूमिका निभाने के लिए।