पवन सिंह और जरीन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Zareen Khan Bhojpuri Debut: भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। आज सिर्फ बिहार और उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के साथ-साथ विदेशों में भी भोजपुरी गानों का जलवा देखने को मिलता है। भोजपुरी स्टार पवन सिंह के गाने तो अब ग्लोबल लेवल पर सुने जाते हैं। ऐसे में हिंदी फिल्मों के सितारे भी अब भोजपुरी इंडस्ट्री की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इसी लिस्ट में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस जरीन खान का नाम भी जुड़ गया है।
सलमान खान की फिल्म वीर (2010) से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली जरीन खान अब भोजपुरी गाने में नजर आने वाली हैं। उनका पहला भोजपुरी गाना ‘प्यार में हैं हम’ जल्द रिलीज होने जा रहा है, जिसमें वे सुपरस्टार पवन सिंह के साथ रोमांस करती दिखाई देंगी।
पवन सिंह संग इस भोजपुरी गाने में जरीन खान आएंगी नजर
टी-सीरीज ने हाल ही में इस गाने का टीजर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में जरीन खान और पवन सिंह की रोमांटिक केमिस्ट्री साफ नजर आ रही है। इंस्टाग्राम पर इसे शेयर करते हुए कैप्शन लिखा गया, “जब आप प्यार में होते हैं, तो हर गाना ऐसा लगता है जैसे वो सिर्फ आपके लिए लिखा गया हो। ‘प्यार में हैं हम’ 20 अगस्त को रिलीज हो रहा है।”
इस गाने को अपनी आवाज दी है पवन सिंह और पायल देव ने। खास बात यह है कि पवन सिंह, पायल को अपनी बहन मानते हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके साथ राखी का त्योहार भी सेलिब्रेट किया था। पायल देव पहले भी पवन सिंह के साथ कई हिट गाने गा चुकी हैं। गाने के लिरिक्स लिखे हैं कुणाल वर्मा ने, जबकि इसका म्यूजिक भी पायल देव ने ही कंपोज किया है।
एक्ट्रेस का फिल्मी करियर
38 वर्षीय जरीन खान ने भले ही फिल्म वीर से धमाकेदार शुरुआत की थी, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। इसके बावजूद जरीन चर्चा में रहीं क्योंकि उनका लुक और अंदाज काफी हद तक कैटरीना कैफ से मिलता-जुलता था। इसी वजह से उन्हें “कैटरीना का हमशक्ल” कहा गया।
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले सलमान खान ने ऐश्वर्या राय की हमशक्ल कही जाने वाली स्नेहा उल्लाल को इंडस्ट्री में लॉन्च किया था। लेकिन हमशक्ल का टैग दोनों एक्ट्रेसेस के करियर पर भारी पड़ गया और उनका ग्राफ धीरे-धीरे नीचे चला गया।
जरीन खान ने इसके बाद हाउसफुल 2, हेट स्टोरी 3, अक्सर 2, 1921 और वजह तुम हो जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि बॉलीवुड में उन्हें बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन अब भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री के जरिए वे फिर से चर्चा में आ गई हैं।