प्रदोष व्रत 2025 (सोर्स- सोशल मीडिया)
Pradosh Vrat 2025: सावन का पावन महीना भगवान शिव की भक्ति और व्रतों के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। इस महीने के प्रत्येक सोमवार का धार्मिक महत्व होता है, लेकिन सावन में आने वाला प्रदोष व्रत भी बेहद खास होता है। हर महीने की त्रयोदशी तिथि को रखा जाने वाला प्रदोष व्रत इस बार 6 अगस्त 2025 को पड़ेगा, जो श्रावण मास का अंतिम प्रदोष व्रत होगा। इस दिन शिवभक्त उपवास रखते हैं और भगवान शिव व माता पार्वती की विधिपूर्वक पूजा करते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष व्रत में की गई पूजा से भगवान शिव प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनाएँ पूर्ण करते हैं। लेकिन इस व्रत का सही फल तभी मिलता है, जब इसे पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ किया जाए। छोटी-छोटी गलतियाँ भी व्रत को निष्फल कर सकती हैं। आइए जानते हैं सावन के अंतिम प्रदोष व्रत पर किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
तामसिक चीजों से करें परहेज़
प्रदोष व्रत के दिन लहसुन, प्याज, मांस, मदिरा आदि तामसिक चीजों का सेवन पूरी तरह वर्जित होता है। ये वस्तुएं व्रत की पवित्रता को भंग करती हैं और भगवान शिव को अप्रसन्न कर सकती हैं। व्रत के दौरान केवल सात्विक भोजन या फलाहार ही करें।
नमक का प्रयोग सोच-समझकर करें
व्रत में साधारण नमक का प्रयोग नहीं करना चाहिए। सिर्फ सेंधा नमक ही उपयोग में लें। साधारण नमक व्रत के नियमों के विरुद्ध माना जाता है और इससे व्रत का फल भंग हो सकता है।
तुलसी और केतकी के फूल न चढ़ाएं
शिव पुराण के अनुसार, भगवान शिव को तुलसी के पत्ते और केतकी के फूल चढ़ाना निषिद्ध है। इनकी जगह बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल आदि चढ़ाना शुभ माना जाता है।
शंख से जल अर्पित न करें
भगवान शिव को शंख से जल नहीं चढ़ाना चाहिए, क्योंकि शंख राक्षस शंखचूड़ का प्रतीक माना जाता है, जिसका वध स्वयं महादेव ने किया था।
किसी का अपमान न करें
प्रदोष व्रत के दिन किसी को अपमानित न करें और न ही किसी जरूरतमंद को खाली हाथ लौटाएं। ऐसा करने से व्रत का पुण्य कम हो जाता है।
मन को रखें शांत और पवित्र
व्रत के दौरान क्रोध, चिंता या दुखी मन से पूजा नहीं करनी चाहिए। शांत चित्त से की गई आराधना ही फलदायी होती है।
भोजन से करें परहेज़
प्रदोष व्रत में भोजन करना वर्जित होता है। यदि आप निर्जला व्रत नहीं रख सकते हैं, तो फलाहार करें, लेकिन अन्न से परहेज़ करें।
इन नियमों का पालन कर सावन के अंतिम प्रदोष व्रत को सफल बनाएं और भगवान शिव की कृपा प्राप्त करें।