साउथ अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड (सोर्स- सोशल मीडिया)
SA vs NZ: दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इस निर्णायक मैच में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने थीं, जिसमें कीवी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 3 रनों से शिकस्त दी और खिताब अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी कर न्यूजीलैंड ने बनाए 180 रन
रासी वैन डेर डुसेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया, लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाज़ों ने इस फैसले को चुनौती में बदल दिया। टिम सीफर्ट ने 30 रन की तेज़ पारी खेली, वहीं डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र ने क्रमशः 47-47 रनों की अहम पारियाँ खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अंत में डेरिल मिशेल और माइकल ब्रेसवेल ने तेज़ रन बनाते हुए स्कोरबोर्ड को 180 तक पहुँचा दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि नांद्रे बर्गर, क्वेना एमफाका और सेनुरन मुथुसामी ने 1-1 विकेट हासिल किए।
अफ्रीका की अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 51 रनों की शानदार पारी खेली और रीजा हेंड्रिक्स ने 37 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
हालांकि, मध्यक्रम में कप्तान रासी वैन डेर डुसेन और जॉर्ज लिंडे की धीमी पारियों ने रन गति पर असर डाला। अंतिम ओवरों में डेवाल्ड ब्रेविस ने 31 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से 3 रन पीछे रह गई।
आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, लेकिन कीवी गेंदबाज़ों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाज़ी करते हुए मैच अपनी टीम के पक्ष में कर लिया।
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 2 विकेट लेकर अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने त्रिकोणीय सीरीज़ का खिताब अपने नाम किया, जबकि दक्षिण अफ्रीका एक और करीबी मुकाबला जीतने में नाकाम रही।