भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
WCL 2025: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 (WCL 2025) में भारतीय चैंपियंस का खराब प्रदर्शन जारी है। लीड्स में खेले गए मुकाबले में युवराज सिंह की कप्तानी वाली टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह भारत की टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार है और अब तक एक भी जीत उनके खाते में नहीं आई है।
धवन का अर्धशतक और यूसुफ का तूफान
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ओपनर शिखर धवन ने शानदार पारी खेलते हुए 60 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा। रॉबिन उथप्पा ने 21 गेंदों में 37 रन जोड़ते हुए अच्छी शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंबाती रायडू शून्य पर आउट हुए, युवराज सिंह सिर्फ 3 और सुरेश रैना 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पारी के अंत में यूसुफ पठान ने 23 गेंदों पर 52 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी इस तूफानी बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा।
गेंदबाज़ों ने फिर किया निराश
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पीयूष चावला और हरभजन सिंह की फिरकी के आगे कंगारू टीम ने 65 रन पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद डैनियल क्रिश्चियन और कैलम फर्ग्यूसन ने टीम को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 90 रनों की अहम साझेदारी की।
क्रिश्चियन ने 39 और फर्ग्यूसन ने 70 रनों की तूफानी पारी खेली। अंत में बेन कटिंग (15 रन) और रॉब क्वीनी (8 गेंदों में 16 रन) ने ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने में भूमिका निभाई। आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे।
आखिरी ओवर बना भारत की हार की वजह
युवराज सिंह ने अंतिम ओवर के लिए इरफान पठान को गेंद सौंपी, जिन्होंने मैच में इससे पहले कोई ओवर नहीं फेंका था। यह फैसला टीम के लिए भारी पड़ा। आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को 3 रन चाहिए थे और कैलम फर्ग्यूसन ने छक्का जड़कर मुकाबला खत्म कर दिया।
पीयूष चावला ने भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट लिए। लेकिन विनय कुमार (4 ओवर में 47 रन) और सिद्धार्थ कौल (2 ओवर में 37 रन) की महंगी गेंदबाज़ी ने मैच का रुख पलट दिया। अब भारत के लिए टूर्नामेंट में आगे का सफर और भी मुश्किल हो गया है।