भारत बनाम पाकिस्तान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने 2025 एशिया कप का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से होगी और फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस बार भारत और पाकिस्तान के बीच कम से कम दो मुकाबले तय माने जा रहे हैं, और अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुँचती हैं, तो तीसरे हाई-वोल्टेज मुकाबले की भी उम्मीद है।
मोहसिन नकवी ने की आधिकारिक घोषणा
एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को एशिया कप 2025 की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा, “मुझे यूएई में एसीसी पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखों की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। हमें इसमें शानदार क्रिकेट देखने की उम्मीद है।” उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला कब?
2025 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा, जो कि लीग चरण का हिस्सा होगा। इसके बाद दोनों टीमें एक बार फिर 21 सितंबर को सुपर-6 राउंड में आमने-सामने होंगी।
एक ही टीम में भारत-पाक
प्रसारण अधिकार रखने वाले ब्रॉडकास्टर्स और एसीसी के समझौते के तहत दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा गया है, ताकि सुपर 6 में फिर से भिड़ंत संभव हो सके। यदि दोनों टीमें फाइनल तक पहुँचती हैं, तो फैंस को भारत-पाकिस्तान के बीच तीसरा मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।
यूएई में होगा आयोजन, BCCI ही रहेगी आयोजक
इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी बीसीसीआई के पास है, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे कूटनीतिक तनाव के कारण मैचों का आयोजन तटस्थ स्थान यानी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किया जाएगा। 24 जुलाई को हुई एसीसी की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें सभी 25 सदस्य देशों ने हिस्सा लिया था। दोनों देशों में सहमति बनी है कि 2027 तक सिर्फ न्यूट्रल वेन्यू पर ही मैच होंगे।
टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा टूर्नामेंट
भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए इस बार एशिया कप भी टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। एसीसी हर बार एशिया कप का फॉर्मेट उस आगामी आईसीसी टूर्नामेंट के अनुसार तय करता है, ताकि टीमों को तैयारी का पर्याप्त मौका मिल सके।