एशिया कप 2025 (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशियाई क्रिकेट का महाकुंभ यानी एशिया कप इस साल सितंबर में खेला जाएगा। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने 2025 एशिया कप की शुरुआत और फाइनल मैच की तारीख की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 9 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि फाइनल 28 सितंबर को होगा।
सिर्फ उद्घाटन और फाइनल की तारीख घोषित
मोहसिन नकवी के अनुसार, अभी केवल टूर्नामेंट के पहले और आखिरी मैच की तारीख घोषित की गई है। पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में हुई एसीसी की बैठक में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश ने आपसी मतभेदों को भुलाकर टूर्नामेंट में खेलने पर सहमति जताई है।
भारत ने जताई थी न्यूट्रल वेन्यू पर सहमति
2025 एशिया कप की मेजबानी भारत को मिली थी, लेकिन बीसीसीआई ने हाल ही में इस टूर्नामेंट को किसी तटस्थ स्थान पर आयोजित करने का सुझाव दिया था। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। इस पर एसीसी की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
दुबई और अबू धाबी बनेंगे टूर्नामेंट के मेज़बान
खबरों की मानें तो भारत-पाकिस्तान मैच की संवेदनशीलता को देखते हुए टूर्नामेंट को यूएई के दुबई और अबू धाबी में आयोजित किया जा रहा है। इससे सभी टीमों के लिए सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पहली बार 8 टीमें लेंगी हिस्सा
2025 एशिया कप में कुल 8 टीमें भाग लेंगी, जो कि टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार होगा। अब तक एशिया कप 16 बार आयोजित हो चुका है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में टीमें पहले कभी नहीं दिखीं। इस बार जो टीमें हिस्सा लेंगी वे हैं:
- भारत
- पाकिस्तान
- बांग्लादेश
- श्रीलंका
- अफगानिस्तान
- हांगकांग
- यूएई
- ओमान
1984 से शुरू हुआ एशिया कप
एशिया कप का पहला संस्करण 1984 में आयोजित किया गया था। तब से अब तक यह टूर्नामेंट एशियाई क्रिकेट का सबसे बड़ा आयोजन बन चुका है। 2025 संस्करण न केवल टीमों की संख्या के लिहाज़ से खास होगा, बल्कि भारत-पाकिस्तान जैसे हाई-वोल्टेज मैच इसे और भी रोमांचक बना देंगे।