बेन स्टोक्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने टीम इंडिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज़ में बल्ले और गेंद दोनों से जबरदस्त प्रदर्शन किया है। लॉर्ड्स टेस्ट में मैन ऑफ द मैच बनने के बाद अब स्टोक्स ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मैच में एक और यादगार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस मैच में पहले गेंदबाज़ी करते हुए 5 विकेट झटके और फिर बल्लेबाज़ी में शानदार 141 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को मज़बूत स्थिति में पहुँचा दिया।
लगभग 3 साल बाद टेस्ट में जड़ा शतक
बेन स्टोक्स ने लगभग तीन साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ा है। इससे पहले उन्होंने आठ साल के लंबे अंतराल के बाद किसी टेस्ट मैच में 5 विकेट हॉल भी लिया था। ऐसे में एक ही मैच में शतक और पांच विकेट लेने का कारनामा कर स्टोक्स ने खुद को एक एलीट लिस्ट में शामिल कर लिया है।
कप्तान के रूप में ऐसा करने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी
इस प्रदर्शन के साथ बेन स्टोक्स इंग्लैंड के पहले कप्तान बन गए हैं जिन्होंने किसी टेस्ट मैच में शतक और पांच विकेट दोनों लिए हों। यह उपलब्धि अब तक इंग्लैंड के किसी कप्तान ने हासिल नहीं की थी। बतौर खिलाड़ी, स्टोक्स से पहले यह कमाल इंग्लैंड के तीन और खिलाड़ियों ने किया था, इयान बॉथम, टोनी ग्रेग और गस एटकिंसन।
वहीं, अगर बात टेस्ट इतिहास की करें तो वह कप्तान के तौर पर शतक और 5 विकेट हॉल लेने वाले पाँचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह दुर्लभ उपलब्धि डेनिस एटकिंसन, गैरी सोबर्स, मुश्ताक मोहम्मद और इमरान खान ने हासिल की थी।
7,000 रन और 200 विकेट क्लब में शामिल
ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में शतक लगाने के साथ ही स्टोक्स ने अपने टेस्ट करियर में 7,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। इतना ही नहीं, उनके नाम अब 200 से ज्यादा टेस्ट विकेट भी दर्ज हैं। इस तरह वह टेस्ट क्रिकेट में 7,000+ रन और 200+ विकेट का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह मुकाम गैरी सोबर्स और जैक्स कैलिस ही हासिल कर पाए थे।
इंग्लैंड की पकड़ मज़बूत
बेन स्टोक्स की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत इंग्लैंड ने भारत पर 300 से ज्यादा रनों की बढ़त बना ली है और मैच पूरी तरह से इंग्लिश टीम के पक्ष में जाता नज़र आ रहा है। स्टोक्स का यह प्रदर्शन न सिर्फ मैच के लिहाज़ से अहम है, बल्कि उनके करियर का भी एक ऐतिहासिक मोड़ बन गया है।