संजू सैमसन (सोर्स- सोशल मीडिया)
IPL 2026: आईपीएल 2025 के खत्म होने के बाद से ही लगातार खबरें आ रही हैं कि राजस्थान रॉयल्स टीम के मौजूदा कप्तान संजू सैमसन फ्रैंचाइज़ी छोड़ सकते हैं। सैमसन को लेकर कई रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। जिसके मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहती है, लेकिन बड़ा सवाल ये है कि सैमसन टीम क्यों छोड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे 3 बड़े कारण हो सकते हैं।
सैमसन ने अपनी जगह गंवाई
आईपीएल 2025 से पहले संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए बतौर ओपनिंग बल्लेबाज़ खेल रहे थे, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के टीम में आने से वो जगह छिन गई है। ऐसे में एक बार फिर संजू को नंबर 3 पर खेलना होगा। संजू टीम इंडिया में ओपनिंग करते हैं, इसलिए वो आईपीएल में भी इसी नंबर पर खेलना चाहेंगे। जिसके चलते अब संजू राजस्थान रॉयल्स से हटने का फैसला कर सकते हैं।
रियान पराग की कप्तानी से खुश नहीं
संजू सैमसन सीज़न 18 में पूरी तरह से फिट नहीं थे। जिसके चलते उन्होंने ज़्यादा मैच नहीं खेले। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने रियान पराग को कप्तानी सौंप दी। खबरों के मुताबिक, इसके बाद टीम में कप्तानी को लेकर विवाद हो गया। संजू सैमसन के अलावा, रियान पराग और यशस्वी जायसवाल भी कप्तानी की दौड़ में आ गए हैं। ऐसे में संजू इससे बिल्कुल भी खुश नहीं हैं।
चेन्नई और कोलकाता से मिल रहे ऑफर
संजू सैमसन लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स टीम में हैं। ऐसे में अब वह अपने करियर में बड़ा बदलाव करना चाहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, वह चेन्नई सुपर किंग्स टीम के संपर्क में हैं। संजू अब किसी बड़ी फ्रेंचाइजी से जुड़ना चाहते हैं। सीएसके टीम उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के विकल्प के तौर पर देख रही है। वहीं, खबरों के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स टीम भी संजू सैमसन को कप्तानी का ऑफर दे रही है। ऐसे में अब फैसला संजू के हाथ में है।