टिम साउदी और शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Tim Southee on Shubman Gill: लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच का तीसरा दिन रोमांचक अंदाज में समाप्त हुआ। इस दिन का खेल भारतीय कप्तान शुभमन गिल और इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली के बीच हुई तीखी बहस के साथ खत्म हुआ। हालांकि, अब न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर टिम साउदी ने भारतीय कप्तान पर ही तंज कस दिया है।
दरअसल, जब इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की, तब क्रॉली जानबूझकर समय बर्बाद कर रहे थे। इस हरकत पर गिल का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों के बीच बहस हो गई। अंग्रेजों की इस नौटंकी को पूरी दुनिया ने भी देखा, लेकिन टिम साउदी ने इसे अपने हिसाब से समझने की कोशिश की।
क्रॉली ने क्यों किया समय बर्बाद?
तीसरे दिन का खेल खत्म होने में कुछ ही मिनट बचे थे, तभी इंग्लैंड की दूसरी पारी शुरू हुई। जसप्रीत बुमराह पहला ओवर फेंक रहे थे। यदि यह ओवर समय पर पूरा हो जाता, तो भारत को एक और ओवर करने का मौका मिलता। लेकिन क्रॉली और उनके साथी बेन डकेट ऐसा नहीं चाहते थे। दूसरी गेंद पर क्रॉली बेवजह पीछे हट गए और पांचवीं गेंद पर उन्होंने हाथ में चोट का बहाना बनाकर काफी देर तक समय बर्बाद किया। इसका मकसद यही था कि दिन का खेल जल्द खत्म हो जाए और भारत को दूसरा ओवर फेंकने का मौका न मिले।
साउदी ने क्रॉली का किया समर्थन
इंग्लैंड के गेंदबाजी सलाहकार और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी ने क्रॉली का समर्थन किया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “यह अच्छा है। आखिरी क्षणों में दोनों टीमों का उत्साह देखना हमेशा अच्छा लगता है। मुझे नहीं पता कि शुभमन गिल कल मैच के बीच में मालिश करवाने के लिए लेटते समय किस बात की शिकायत कर रहे थे। यह खेल का एक हिस्सा है और दिन खत्म करने का एक रोमांचक तरीका भी।”
जब एक पत्रकार ने मज़ाक में क्रॉली की चोट के बारे में पूछा, तो साउदी ने हंसते हुए कहा, “हां, आज रात उनकी जांच की जाएगी। उम्मीद है कि वह चौथे दिन खेलने के लिए फिट होंगे।”
केएल राहुल ने दिखाई समझदारी
इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आखिर में जो हुआ वो खेल का एक हिस्सा है। एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैं इसे समझ सकता हूं। हर कोई जानता था कि वहां क्या हो रहा था। मैंने शुभमन गिल को उत्साह में देखा। जाहिर है, हम 2 ओवर गेंदबाजी करना चाहते थे। 6 मिनट बचे थे, इसलिए कोई भी टीम यही चाहेगी। हम भी उत्साह में थे और हमें उम्मीद थी कि हम दिन खत्म होने से पहले विकेट ले पाएंगे। अगर दिन का अंत विकेट के साथ होता, तो यह हमारी टीम के लिए एकदम परफेक्ट रहता।”
बहस ने बढ़ाया टेस्ट मैच का रोमांच
गिल और क्रॉली की इस बहस ने लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन के खेल को और रोमांचक बना दिया। अब देखना दिलचस्प होगा कि चौथे दिन मैदान पर क्या नज़ारा देखने को मिलता है और क्या भारत इस मौके का फायदा उठा पाता है।