झारखंड में अमित शाह, बोलेरो हादसा (सौजन्य-सोशल मीडिया)
10 July Top News of Jharkhand: झारखंड के रांची में 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की। यहां पढ़ें राज्य से जुड़ी दिन भर की सभी बड़ी खबरें।
Jharkhand News : अमित शाह के सामने सीएम सोरेन ने रखी 31 डिमांड
झारखंड के रांची में 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की। बैठक में बिहार के उप मुख्यमंत्री, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के मंत्रियों, भारत सरकार एवं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों के प्रतिनिधियों शामिल हुए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य की समस्याओं, विकास की जरूरतों और लंबित मामलों का मुद्दा विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने झारखंड की ओर से 31 अहम मुद्दों को सभी के सामने रखा और राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई।
Jharkhand News : झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड की राजधानी रांची और आसपास में मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी जिलों में गुरुवार को भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कोल्हान प्रमंडल में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड में रामगढ़, बोकारो और रांची के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र के दक्षिण भाग और इससे सटे झारखंड के इलाकों में निम्न दबाव का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण राज्य में बारिश हो रही है।
यह भी पढ़ें- Jharkhand Rain: जमशेदपुर में बारिश बनी आफत, खतरे के निशान से ऊपर दो नदियां
Jharkhand News : हजारीबाग में बोलेरो ने 3 को रौंदा
झारखंड में दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई। यहां के हजारीबाग में सेवान नदी के पास गुरुवार की दोपहर तीनों मृतक मावेशी बेचकर घर लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने तीन लोगों को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन दो की पहले ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की मौत अस्पताल में हुई।
Jharkhand News : झारखंड में हड़ताल के कारण 500 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित
केंद्रीय श्रमिक यूनियनों की ओर से बुधवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। भारत बंद का रांची में बड़ा असर देखने को मिला। रांची में एसबीआई, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक व निजी बैंकों की शाखाओं को छोड़कर अन्य सभी शाखाओं पर काम बंद रहा। इसके कारण राजधानी रांची में करीब 500 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। हड़ताल में CCL मुख्यालय और CMPDI कार्यालय के सामने ट्रेड यूनियन के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
Jharkhand News : झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में फर्जीवाड़ा
झारखंड में पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ में बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। हेंदलजुड़ी पंचायत के छोलगोड़ा गांव में 172 मुस्लिम महिलाओं ने फर्जी तरीके से इस योजना का लाभ उठाते हुए मंईयां योजना में सेंध लगाया। चौंकाने वाली बात यह थी कि ये महिलाएं झारखंड की मूल निवासी भी नहीं हैं।
Jharkhand News : खूंटी में भाकपा माओवादियों की साजिश नाकाम
झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला के बाद अब खूंटी में भी भाकपा माओवादियों की साजिश नाकाम रही। अड़की थाना क्षेत्र के कुरुंगा पुलिस कैंप से कुछ दूरी पर बनमगड़ा जंगल से पुलिस ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 3-3 किलो वजनी 18 IED बम बरामद किए, जिसे बम निरोधक दस्ते ने नष्ट कर दिया।
Jharkhand News : झारखंड एएनएम कंपिटीटिव परीक्षा 2025 का विज्ञापन जारी
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड एएनएम कंपिटीटिव परीक्षा 2025 का विज्ञापन जारी कर दिया है। झारखंड में 3181 पदों पर एएनएम (महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता) की बहाली की जाएगी। इनमें 3020 नियमित पदों पर तो वहीं 161 बैकलॉग के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। जेएसएससी जल्द ही इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की डेट की घोषणा करेगा।
Jharkhand News : झारखंड उच्च न्यायालय ने बढ़ाई लालू यादव की सजा
RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले ममले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट से झटका लगा है। झारखंड हाई कोर्ट ने बुधवार को चारा घोटाले में दोषी राजद प्रमुख लालू यादव की सजा बढ़ाने की मांग वाली CBI की अपील स्वीकार कर ली। बता दें, कि लालू यादव को देवघर कोषागार से जुड़े चारा घोटाला मामले में 89 लाख रुपये की गबन का दोषी पाया गया था।