झारखंड में भारी बारिश
झारखंड का जमशेदपुर इस समय बारिश कहर बनकर बरस रही है। बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण शहर में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं खरकई और सुवर्णरेखा नदियों में जलस्तर खतरनाक स्तर को पार कर चुका है, जिससे प्रशासन पूरी तरह चौक्कना हो गया है।
Jharkhand Rain: खरकई और सुवर्णरेखा ने बढ़ाई चिंता
ताजा जानकारी के मुताबिक, खरकई नदी का जलस्तर आदित्यपुर पुल पर 129.96 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि इसका खतरे का निशान 129 मीटर है। वही सुवर्णरेखा नदी भी मैंगो पुल के पास 121.64 मीटर पर बह रही है, जो इसके निर्धारित खतरे के निशान 121.50 मीटर से ऊपर बह रही है। हालांकि बुधवार सुबह जरूर बारिश कुछ थमी, लेकिन लगातार पानी का बढ़ता स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।
Jharkhand Rain: निचले इलाकों में घरों में घुसा पानी
भारी बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में पानी घुस गया है। बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा ने बताया कि बागबेड़ा क्षेत्र के कई निचले घरों में पानी घुस चुका है। इससे वहां के लोगों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को अपने घरों से जरूरी सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
Jharkhand Rain: प्रशासन ने जारी किया अलर्ट, स्कूलों पर ताला
बिगड़ते मौसम हालात की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने नदियों के किनारे पास बसे लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत नदियों या उनके किनारे पर का हाल न जाए। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे जिले के स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। ताकि किसी की सुरक्षा को कोई खतरा न हो और उन्हें जलभराव या अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत टीमों को सतर्क रहने को कहा गया है।
Jharkhand Rain: महज 2 दिन की बारिश ने बिगाड़ दिया जनजीवन
पिछले दो दिनों में जमशेदपुर समेत पूरे इलाके में जोरदार बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश ने जहां सड़कों को कीचड़ में तब्दील कर दिया, वहीं कई मोहल्लों में चलना तक दूभर हो गया। इस बीच कई जगह बिजली की आपूर्ति भी बाधित रही। दुकानदारों से लेकर दफ्तर जाने वालों तक, सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Jharkhand Rain: लोग दहशत में, प्रशासन ने बनाई निगरानी टीमें
खरकई और सुवर्णरेखा नदियों का जलस्तर जैसे ही खतरे के निशान से ऊपर आया, इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बीते वर्षों में इन नदियों के उफान पर आने से जो तबाही हुई, उसकी यादें अभी भी लोगों को डरा रही हैं। हालांकि इस बीच जिला प्रशासन ने विशेष निगरानी टीमें गठित की हैं, जो लगातार जलस्तर पर नजर रख रही हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं।
Jharkhand Rain: राहत की उम्मीद, पर खतरा बरकरार
थोड़ी राहत किनबात ये है बुधवार सुबह से बारिश थमी हुई है, जिससे थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है। फिर भी नदियों में बढ़ा जलस्तर अभी भी खतरे की घंटी बजा रहा है। मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात फिर बिगड़ सकते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने कहा है कि हालात पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें