राघव जुयाल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Raghav Juyal: जब भी बॉलीवुड के खूंखार खलनायकों की बात होती है, तो सबसे पहले बॉबी देओल, संजय दत्त और अक्षय खन्ना का नाम जुबान पर आता है। इन तीनों ने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से नेगेटिव रोल को एक नई ऊंचाई दी है। अब इस लिस्ट में एक नया नाम जुड़ गया है और वो नाम राघव जुयाल का है। ‘किल’ में पहली बार खलनायक बनते ही राघव ने ऐसा कमाल दिखाया कि उन्हें लगातार तीन बड़ी फिल्मों के ऑफर मिल गए।
‘किल’ फिल्म को अब तक की सबसे खूनी फिल्मों में से एक बताया गया था। इस फिल्म की कहानी एक ट्रेन में हो रहे लगातार हमलों पर आधारित है, जिसके पीछे मास्टरमाइंड एक युवक होता है। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह किरदार इतना खतरनाक साबित होगा। 100 करोड़ की कमाई करने वाली इस फिल्म में राघव जुयाल ने अपने अभिनय से सबको चौंका दिया। उनकी परफॉर्मेंस इतनी प्रभावशाली रही कि उन्हें तुरंत तीन नई फिल्मों में जगह मिल गई।
किंग
राघव जुयाल को सबसे पहला मौका मिला है शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में। यह उनके करियर का सबसे बड़ा ब्रेक कहा जा सकता है। ‘किल’ में अपनी जबरदस्त एक्टिंग से सबको हैरान करने वाले राघव, अब इस फिल्म में भी एक अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, एक एक्शन सीन के दौरान राघव के पैर में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें कुछ समय का ब्रेक दिया गया। अब वह फिर से टीम से जुड़ने वाले हैं।
Ba***ds ऑफ बॉलीवुड
आर्यन खान की सीरीज ‘बाड्स ऑफ बॉलीवुड’ में भी मिली जगह राघव जुयाल को दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट मिला है शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की सीरीज ‘बाड्स ऑफ बॉलीवुड’ में। इस सीरीज में आर्यन निर्देशन कर रहे हैं और इसमें कई टॉप एक्टर्स को कास्ट किया गया है। राघव इस सीरीज में अपनी पिछली खलनायक वाली इमेज से बिल्कुल अलग नजर आएंगे। इस सीरीज को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है, और राघव की एंट्री ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
द पैराडाइज़
राघव जुयाल का तीसरा प्रोजेक्ट साउथ की एक बड़ी फिल्म है। यह फिल्म है नानी की ‘द पैराडाइज़’, जिसे श्रीकांत ओडेला डायरेक्ट कर रहे हैं। यह एक हाई-प्रोफाइल तेलुगु भाषा की एक्शन फिल्म होगी, जिसमें राघव जुयाल विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। नानी और राघव के बीच कई हाई ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस फिल्माए जाएंगे। मेकर्स ने राघव का उनके जन्मदिन पर टीम में आधिकारिक स्वागत करने की तैयारी भी कर ली है।